दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 29 मई। थाना नेवई पुलिस ने घर में काम करने के दौरान सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाली महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 12 लाख 22 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी दुर्गा प्रसाद नागपुरे निवासी आशीष नगर पश्चिम रिसाली भिलाई ने 26 मई को थाना नेवई में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि घर की आलमारी में रखे पर्स से सोने का हार, मांगटीका, नथ, कड़े, मंगलसूत्र और कान के टॉप्स समेत करीब 14.5 ग्राम सोने के जेवर गायब थे। अज्ञात चोर द्वारा घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था।
मामले में धारा 305(ए), 331 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को घर में काम करने वाली महिला मालती ध्रुव पर संदेह हुआ। पुलिस ने मालती ध्रुव, उसके पति देवीलाल ध्रुव और जीजा हेमलाल मंडावी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें तीनों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी मालती ध्रुव ने पुलिस को बताया कि उसने घर में काम करने के दौरान आलमारी में रखे जेवर चोरी किए थे। बाद में पति और जीजा की मदद से कुछ गहनों को मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखकर लोन लिया गया था। पुलिस ने आरोपियों से सोने-चांदी के जेवर, नगदी, मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त एक्टिवा और गिरवी रखे जेवरों की रसीद जब्त की है।
आरोपियों के कब्जे से करीब 4 लाख रुपये के जेवर, 10 हजार रुपये नगद, मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखे लगभग 7.47 लाख रुपये कीमत के जेवरों की स्लिप, एक एक्टिवा और तीन मोबाइल फोन बरामद हुआ है। कुल जब्ती लगभग 12 लाख 22 हजार रुपये की बताई गई है। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है।


