दुर्ग

दुर्ग के अनुराग दानी ने फोर्ब्स 30 अंडर 30 में बनाई जगह
29-May-2026 6:52 PM
दुर्ग के अनुराग दानी ने फोर्ब्स 30 अंडर 30 में बनाई जगह

  आईआईटी दिल्ली से निकले युवा उद्यमी ने छत्तीसगढ़ का बढ़ाया मान  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 29 मई।  छत्तीसगढ़ की धरती प्रतिभाओं से सदैव समृद्ध रही है। यहां की युवा पीढ़ी आज देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही है। इसी कड़ी में दुर्ग शहर के युवा उद्यमी अनुराग दानी ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सूची फोर्ब्स 30 अंडर 30 में स्थान प्राप्त कर अनुराग दानी ने यह सिद्ध कर दिया है कि छोटे शहरों से निकलने वाली प्रतिभाएं भी विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।

अनुराग दानी दुर्ग के कान, नाक एवं गला रोग विशेषज्ञ, साहित्यकार एवं समाजसेवी डॉ. संजय दानी तथा प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. ममता दानी के सुपुत्र हैं। संस्कार, अनुशासन, परिश्रम और सामाजिक मूल्यों से समृद्ध परिवार में पले-बढ़े अनुराग ने बचपन से ही नवाचार और तकनीकी क्षेत्र में विशेष रुचि दिखाई।

उन्होंने वर्ष 2014 से 2018 तक देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी दिल्ली से बी-टेक की शिक्षा प्राप्त की। अध्ययन के दौरान ही उनके भीतर कुछ नया और उपयोगी करने का सपना आकार लेने लगा। इसी सोच के साथ उन्होंने अपने आईआईटी मित्र रोहित पटेल (भिलाई) के साथ मिलकर फिटनेस क्षेत्र में एक अभिनव स्टार्टअप की शुरुआत की।

दोनों युवा साथियों ने मिलकर होम जिम मशीनों के निर्माण की दिशा में कार्य प्रारंभ किया और अपनी कंपनी एरोलिप की स्थापना की। कम समय में ही उनकी तकनीक, नवाचार और उपयोगिता ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। आज एरोलिप केवल एक स्टार्टअप नहीं, बल्कि युवाओं की नवाचारी सोच और आत्मनिर्भर भारत के सपने का प्रतीक बन चुका है। उनकी कंपनी की उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिली। लगभग दो वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री कार्यालय की टीम द्वारा उन्हें देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित उत्पाद प्रदर्शनी में अपने उत्पादों के प्रदर्शन हेतु आमंत्रित किया गया था। यह किसी भी युवा स्टार्टअप के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण उपलब्धि मानी जाती है।

 

इतना ही नहीं, अनुराग दानी और उनकी टीम को देश के चर्चित उद्यमिता मंच शार्क टैंक में भी अपनी प्रस्तुति देने का अवसर प्राप्त हुआ, जिसने उनके नवाचार को राष्ट्रीय पहचान दिलाई। अब उनकी कंपनी को प्रतिष्ठित फोब्र्स 30 अंडर 30 सूची में स्थान प्राप्त हुआ है, जिसे विश्व स्तर पर युवा उद्यमियों की सबसे सम्मानजनक उपलब्धियों में गिना जाता है। माना जा रहा है कि इस सूची में स्थान पाने वाले वे छत्तीसगढ़ के शुरुआती युवा उद्यमियों में शामिल हैं। यह उपलब्धि केवल दानी परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे दुर्ग एवं समूचे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।

अनुराग दानी की सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि परिवार से संस्कार, शिक्षा से दृष्टि और स्वयं से मेहनत जुड़ जाए, तो सफलता के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। उनके पिता डॉ. संजय दानी जहां चिकित्सा और साहित्य के माध्यम से समाज सेवा कर रहे हैं, वहीं अनुराग दानी आधुनिक तकनीक और नवाचार के माध्यम से युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरे हैं।

दुर्ग सहित पूरे प्रदेश में अनुराग दानी की इस उपलब्धि पर हर्ष एवं गर्व का वातावरण है। साहित्य, चिकित्सा, उद्योग एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।


अन्य पोस्ट