दुर्ग

हेमचंद यादव विवि में भारी वित्तीय और शैक्षणिक अनियमितता
29-May-2026 6:52 PM
हेमचंद यादव विवि में भारी वित्तीय और शैक्षणिक अनियमितता

विधायक देवेन्द्र ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 29 मई।
भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने महामहिम राज्यपाल एवं कुलाधिपति रमेन डेका को पत्र लिखकर हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग के कुलपति डॉ. संजय तिवारी के खिलाफ कथित वित्तीय, प्रशासनिक एवं शैक्षणिक अनियमितताओं की उच्च स्तरीय जांच कराने और कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि विश्वविद्यालय में लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं और कई मामलों में नियमों की अनदेखी कर निर्णय लिए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों के भविष्य और विश्वविद्यालय की साख पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि मार्च 2026 में लगभग 12 लाख रुपए से अधिक की उत्तरपुस्तिकाओं की खरीदी के लिए निविदा प्रक्रिया अपनाई गई थी, लेकिन बाद में कुलपति द्वारा एक निजी फर्म के पक्ष में अर्धशासकीय पत्र जारी कर कार्य आवंटित किया गया और लगभग 40 लाख रुपए से अधिक का भुगतान भी किया गया। विधायक ने इसे शासकीय निविदा प्रक्रिया एवं वित्तीय नियमों के विपरीत बताया है।
उन्होंने नए पाठ्यक्रमों के लिए पुस्तकों की खरीदी में भी गंभीर अनियमितता का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि लगभग 40 लाख रुपए मूल्य की 380 पुस्तकों की खरीदी बिना विधिवत निविदा प्रक्रिया के केवल मौखिक निर्देशों पर की गई, जिससे पूरी प्रक्रिया संदेह के घेरे में है।
देवेंद्र यादव ने अपने पत्र में यह भी कहा है कि कई महत्वपूर्ण वित्तीय विषयों को विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद के समक्ष अनुमोदन के लिए प्रस्तुत नहीं किया गया, जबकि नियमानुसार इसकी स्वीकृति आवश्यक थी। विधायक ने महामहिम राज्यपाल से पूरे मामले की निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच समिति गठित कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि विश्वविद्यालय की गरिमा एवं विद्यार्थियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।


अन्य पोस्ट