दुर्ग

केंद्रीय विद्यालय सीआईएसएफ भिलाई में वरिष्ठ दादा-दादी दिवस
01-Feb-2026 7:04 PM
केंद्रीय विद्यालय सीआईएसएफ भिलाई में वरिष्ठ दादा-दादी दिवस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उतई, 1 फरवरी। केंद्रीय विद्यालय, सीआईएसएफ उतई भिलाई में वरिष्ठ दादा-दादी दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि झरना रानी राय, सेवानिवृत्त शिक्षिका, केंद्रीय विद्यालय सीआईएसएफ भिलाई रहीं। विशिष्ट अतिथि वशिष्ठ चौधरी थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्य भुबनेश्वरी ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना से किया गया। इसके पश्चात प्राचार्य, मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।

प्राचार्य भुबनेश्वरी ने कहा कि दादा-दादी तथा नाना-नानी भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ जन बच्चों को संस्कार, परंपरा और जीवन मूल्यों से परिचित कराते हैं। उनके अनुभव और स्नेह से बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में सहायता मिलती है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे आयोजन पीढिय़ों के बीच संवाद और भावनात्मक जुड़ाव को बढ़ाते हैं।

मुख्य अतिथि झरना रानी राय ने अपने संबोधन में कहा कि दादा-दादी दिवस वरिष्ठ जनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ जनों के अनुभव और मार्गदर्शन से बच्चों में आत्मविश्वास और संस्कार विकसित होते हैं।

 उन्होंने सभी वरिष्ठ नागरिकों के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक विभाग के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। कक्षा पहली के विद्यार्थियों ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। कक्षा दूसरी के विद्यार्थियों ने नाटक के माध्यम से वरिष्ठ जनों के महत्व को दर्शाया। इसके अलावा विद्यार्थियों द्वारा नृत्य प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में उपस्थित दादा–दादी एवं नाना–नानियों द्वारा भजन, गीत और लोक प्रस्तुतियां भी दी गईं।

दादा-दादी एवं नाना-नानियों के लिए खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने भाग लिया। प्रतियोगिता में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके बाद वरिष्ठ जनों ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम का संचालन प्राथमिक शिक्षिका माधुरी ने किया। आभार प्रदर्शन वरिष्ठ शिक्षक दानीदास गिरिया द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।


अन्य पोस्ट