दुर्ग

भारती विवि का प्रथम दीक्षांत समारोह
14-Dec-2025 7:06 PM
भारती विवि का प्रथम दीक्षांत समारोह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 14 दिसंबर। शिक्षा, शोध एवं सामाजिक दायित्व के प्रति अपने संकल्प को साकार करते हुए भारती विश्वविद्यालय ने अपना प्रथम दीक्षांत समारोह अत्यंत गरिमामय, एवं प्रेरणादायी वातावरण में आयोजित किया। यह अवसर विश्वविद्यालय के शैक्षणिक इतिहास में एक मील का पत्थर  के बतौर स्थापित हो गया।

समारोह का आरंभ राष्ट्र गान , राज्य गीत और विश्वविद्यालय के कुलगीत के गायन से हुआ। मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा थे, जिन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में डाक्टर व्ही के गोयल, अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय नियामक आयोग उपस्थित रहे। रजनी बघेल, सुरेंद्र कौशिक जिला भाजपा अध्यक्ष, होलिस्टीक फाउन्डेशन की चेयर परसन श्रीमती दिशा चंद्राकर सहित अनेक शिक्षाविद्, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि समारोह की शोभा बढ़ाने उपस्थित रहे।

इस ऐतिहासिक दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय से अध्ययन पूर्ण कर चुके विद्यार्थियों को औपचारिक रूप से उपाधियाँ प्रदान की गईं, कुल 85 शोधार्थियों को पीएचडी, 215 विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर तथा 335 विद्यार्थियों को स्नातक उपाधियाँ प्रदान कर उन्हें राष्ट्र एवं समाज की सेवा के लिए अग्रसित होने कुलपति डॉ. प्रोफेसर बीएन तिवारी द्वारा दीक्षित किया गया। समारोह के दौरान शिक्षा विशेषकर शोध एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए विश्वविद्यालय के डायरेक्टर डॉ. आरपी अग्रवाल को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का अनुशासित संचालन रजिस्ट्रार डॉ. वीरेन्द्र कुमार स्वर्णकार ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सुशील चंद्राकर, संयुक्त प्रबंध संचालक द्वय शालिनी चंद्राकर, जय चंद्राकर,  सीईओ प्रभजोत भुई, डायरेक्टर डॉ. घनश्याम साहू, डीन एकेडमिक्स डा. आलोक भट्ट, डॉ. अनिल दुबे, डॉ मानस रंजन होता तथा विश्वविद्यालय निर्देशक रजनीश चंद्राकर, संकाय सदस्य, शोधकर्ता एवं कर्मचारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट