दुर्ग

संतों के सम्मान में मुख्यमंत्री आसन में नहीं बैठे, संतों ने की प्रशंसा
11-Dec-2021 5:59 PM
संतों के सम्मान में मुख्यमंत्री आसन में नहीं बैठे, संतों ने की प्रशंसा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 11 दिसम्बर।
ग्राम जजंगिरी में रोहिणी गौशाला के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जब पहुंचे तो उन्होंने मंच में आसन पर विराजित ना होकर संतों के सम्मान में नीचे बैठना उचित समझा। इस पर मौजूद संतों ने मुख्यमंत्री की प्रशंसा करते हुए कहा कि हमेशा भारत में परंपरा रही है कि हमेशा से धर्मगुरु ऊपर विराजित होते हैं और राजा उनका सम्मान करते हुए नीचे स्थान ग्रहण करते हैं। मुख्यमंत्री ने यह परंपरा निभाई है हम उनकी नम्रता के लिए उनकी प्रशंसा करते हैं।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने श्री राधे निकुंज आश्रम में किए जाने वाले विभिन्न कार्यों के लिए संस्थान द्वारा किये गए आग्रह पर 50 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा भी की। संतों ने इस मौके पर मुख्यमंत्री के गोधन न्याय योजना की विशेष तौर पर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि गौ माता के संरक्षण के लिए जो यह कार्य मुख्यमंत्री ने शुरू किया है वह प्रशंसनीय है।

इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी भारतीय परंपरा में धर्म अर्थ काम और मोक्ष को जीवन का आधार कहा गया है इसकी सबसे पहली कड़ी अर्थ है। गोधन और कृषि तभी सुदृढ़ होगी जब अर्थ सुदृढ़ होगा। इस दृष्टि से यह गोधन न्याय योजना शुरू की गई। संत समागम में जो हृदय से प्रशंसा आपने की, उससे लगा कि योजना अर्थ की दृष्टि से तो सफल हुई ही है संतों का आशीर्वाद भी इसे मिल गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि कहते हैं कि एक अच्छा कार्य सिलसिला बन जाता है और बहुत से अच्छे कार्यों का रास्ता इससे खुल जाता है। हमने गायों के संरक्षण के लिए गौठान आरंभ किये। गौठानों के लिए पैरादान आरंभ कराया और अब अधिकांशत: लोग पैरादान करते हैं जलाते नहीं।

इस मौके पर तिरखेड़ी आश्रम के महाराज रामज्ञानी दास जी ने भी संबोधन किया। इस मौके पर श्री महंत कमललोचन दास महाराज ने भी मुख्यमंत्री को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की चर्चा देश भर में गोधन के संरक्षण को लेकर है और यह मुख्यमंत्री का बड़ा कार्य है। इस मौके पर अपने संबोधन में निरंजन महाराज ने कहा कि वृंदावन के राधे बाबा 25 हजार गायों का संरक्षण करते है। उनसे भी जब बातचीत होती है तो छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के गोधन संरक्षण के कार्यों की प्रशंसा करते हैं।

इस अवसर पर देशभर से आये तमाम धर्मगुरुओं के अलावा  ओएसडी मुख्यमंत्री मनीष बंछोर कुम्हारी नगरपालिध्यक्ष राजेश्वर सोनकर, उपाध्यक्ष के रवि कुमार, प्रमोद सिंह राजपूत, पार्षद जानकी ध्रुव, नीतू रावते, शांति टंडन, कुमारी निषाद, यूजेन्द्र साहू, महेश सोनकर, थनेश पटेल, ओमनारायण वर्मा, ललित राजपूत, अशोक साहू एल्डरमेन, रवि साहू, ओमप्रकाश यादव , निलिश देवांगन, युवराज साहू,  पवन साहू एवं मीडिया प्रभारी लेखराम साहू के अलावा बड़ी संख्या में कॉंग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट