दुर्ग

त्रुटि सुधार के लिए तहसील कार्यालयों के चक्कर काट रहे किसान
21-Nov-2021 5:29 PM
त्रुटि सुधार के लिए तहसील कार्यालयों के चक्कर काट रहे किसान

हर माह पहुंच रहे 100 से अधिक मामले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 नवंबर।
लोगों को अब भुईयां पोर्टल के माध्यम से जमीन संबंधी जानकारी मिल जाती है मगर भुइयां पोर्टल में दर्ज जानकारी में भारी त्रुटि की शिकायतें मिल रही है। जिन किसानों की जमीन संबंधी जानकारी भुइयां पोर्टल में गलत दर्ज है। वे अब त्रुटि सुधार के लिए तहसील कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। अकेले दुर्ग तहसील में हर माह 100 से अधिक ऐसे मामले पहुंच रहे हैं।

गौरतलब है कि भुइयां छत्तीसगढ़ राज्य का भू अभिलेख कंप्यूटरीकरण परियोजना है। भुइयां पोर्टल में सभी भू अभिलेख रियल टाईम के आधार पर उपलब्ध है। इसके  भुईयां व भू-नक्शा दो अंग है। भुइयां खसरा का खाता संबंधी जानकारी के संकलन है। वहीं भू नक्शा खसरे से संबंधित प्रबंधन के लिए साधन है। नागरिक को भुईयां पोर्टल के माध्यम से संबंधित खसरा पी 2 खतौनी बी1 देखने की सुविधा उपलब्ध है। वहीं भू नक्शा के द्वारा किसी खसरे का नकल देखा जा सकता है।

जानकारी के मुताबिक भुइया पोर्टल में कई किसानों द्वारा धारित जमीन का रकबा शून्य बता दिए जाने तो किसी का रकबा कम या ज्यादा दर्शाने अथवा खसरा नंबर में त्रुटी जैसे मामले सामने आ रहे हैं। ग्राम मोहलाई निवासी भूपेंद्र साहू ने बताया कि उनके पिता के नाम तीन अलग-अलग खसरा नंबर की जमीन है, इनमें दो जगह जहां सब्जी बाड़ी है।  उसका भुइयां पोर्टल में बी1 नक्शा खसरा ही नहीं दिखा रहा है। जिसकी वजह से उन्हें विभिन्न दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं उनके 20 डिसमिल के खलिहान की भूमि को भुइयां पोर्टल में सरकारी जमीन बताया जा रहा है, जबकि 2015 में उनके द्वारा पटवारी से लिए गए नक्शा खसरा में उक्त जमीन उनके पिता अवध राम साहू के नाम से दर्ज है। ग्राम परसदा निवासी कृषक धरम पटेल के पुत्र ने बताया कि उनके पिता के नाम जो उनकी पैतृक जमीन है। उसमें रकबा कम दर्शा दिया गया था जिसे तहसील कार्यालय में आवेदन देकर सुधरवाना पड़ा।

कृषकों से आवेदन लेकर एनआईसी को भेज रहे-तहसीलदार
दुर्ग तहसीलदार प्रकाश सोनी ने बताया कि भुइयां पोर्टल में जिन कृषकों के जमीन की जानकारी त्रुटिपूर्ण दर्ज है। उनसे आवेदन लेकर एनआईसी को त्रुटि सुधार के लिए भेजे जा रहे हैं, जहां से पोर्टल में त्रुटि सुधार किए जा रहे हैं।
 


अन्य पोस्ट