दुर्ग

कोयला कारोबारियों में मारपीट, 4 पर एफआईआर
06-Feb-2026 7:08 PM
कोयला कारोबारियों में मारपीट, 4 पर एफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 6 फरवरी। दो बड़े कोयला व्यापारियों के बीच पुराने लेन-देन को लेकर मारपीट हो गई है। कल सुबह बिलासपुर से भिलाई परिवार को लेकर पहुंचे कोल व्यापारी पर मारपीट का आरोप लगा है।

वैशाली नगर थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा ने बताया कि बिलासपुर निवासी प्रफुल्ल गोयल, भगवान गोयल सहित उनके परिवार के कुल चार लोगों के खिलाफ वैशाली नगर निवासी अनिल जैन  की रिपोर्ट पर बीएनएस की धारा 115(2), 296, 3(5), 332(सी), 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार अनिल जैन उर्फ मोनू कोयले का व्यापार करते हैं। कल सुबह करीब 11.30 बजे उनके घर पर बिलासपुर के कोल व्यवसायी प्रफुल्ल गोयल, भगवान गोयल एवं भगवान गोयल की पत्नी एवं पिता आए। इनके साथ अनिल जैन पूर्व में कोयले का व्यापार करते थे। दोनों व्यापारियों के बीच रूपये का लेन-देन था।

कल सुबह जब गोयल परिवार अनिल के घर पहुंचा तब अनिल घर पर नहीं थे। उनकी मेड ने फोन कर बताया तब अनिल जैन घर लौटे तो देखा प्रफुल्ल और भगवान गोयल उनका दरवाजा पीट रहे हैं। सभी बाहर निकलो कह कर चिल्ला रहे थे। अनिल ने उन लोगों को घर के बरामदे में बैठ कर बातचीत करने के लिए कहा तो प्रफुल्ल एवं भगवान गोयल ने रूपये कब दोगे कहकर गाली देने लगे।

अनिल ने पुलिस को बताया कि उनके द्वारा मना करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए प्रफुल्ल गोयल ने मारपीट शुरू कर दी। कोल व्यवसायी प्रफुल्ल ने झापड़ मारकर अनिल को नीचे गिरा दिया तब भगवान उसे लात मारने लगा। अनिल की पत्नी टीना जब बीच बचाव करने आई तो भगवान गोयल की पत्नी ने टीना जैन से मारपीट की। अनिल के गाल एवं कमर के पास तथा टीना जैन की पीठ में चोट आई है।

गोयल परिवार मौके पर जान से मारने की धमकी देते हुए अनिल के घर से निकला, तब जैन दम्पत्ति ने वैशाली नगर थाना पहुंच रिपोर्ट दर्ज करवाई है।


अन्य पोस्ट