दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 14 नवंबर। जिला अस्पताल दुर्ग में दूर-दूर से इलाज के लिए आने वाले मरीजों की सुविधा के लिए जीवनदीप समिति द्वारा बेहतर व्यवस्था की गई है। जिला अस्पताल प्रबंधन भी मरीजों को इलाज में बेहतर सुविधा प्रदान करने का कार्य कर रहा है। जिला अस्पताल में गर्भवती माताओं एवं नवजात शिशुओं के लिए समस्त स्वास्थ्य सुविधाएं एवं जांच नि:शुल्क है। दूर-दूर से आने वाले मरीजों के परिजनों के ठहरने के लिए भी नि:शुल्क व्यवस्था रखी गई है।
उक्त जानकारी मु य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गंभीर सिंह ठाकुर, जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ.पी. बालकिशोर तथा जीवनदीप समिति के सदस्यों ने पत्रवार्ता में दी। डॉ. ठाकुर एवं डॉ. पी. बाल किशोर ने बताया कि जिला अस्पताल में नि:शुल्क डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध है। जिसके अंतर्गत दो पॉजिटिव मशीन एवं तीन नेगेटिव मशीन उपलब्ध है।
डायलिसिस के लिए राशन कार्ड एवं आधार कार्ड लाना मरीजों के लिए आवश्यक है। मरीजों की सुविधा के लिए जिला अस्पताल में दोनों समय ओपीडी प्रारंभ रखी जा रही है। वहीं आपातकालीन सेवाएं 24 घंटे संचालित रहती है। जिला अस्पताल के अंतर्गत एमसीएच विंग में आने वाले मरीजों के लिए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नि:शुल्क एंबुलेंस सेवा भी उपलब्ध रखी गई है। जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों से मिलने दूर ग्रामीण क्षेत्रों से भी परिजन आते हैं।
ऐसे लोगों को परेशानी न हो इसको चलते मरीजों से मिलने का समय सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक तथा शाम को 4 से 6 बजे तक निर्धारित रखा गया है। बाहर से आए मरीजों के परिजनों के रुकने की व्यवस्था अस्पताल परिसर स्थित रैन बसेरा में नि:शुल्क रखी गई है। आने वाले समय में कई तरह के ब्लड जांच नि:शुल्क रखे जाने पर भी विचार किया जा रहा है। जिसका लाभ गरीब मरीजों को मिलेगा। डॉक्टरों ने कहा कि यदि किसी भी मरीज को इलाज के दौरान या उनके परिजनों को परेशानी आ रही हो तो वे जिला अस्पताल में सिविल सर्जन से संपर्क कर सकते हैं। उनकी समस्या का तुरंत निदान किया जाएगा।
पत्रवार्ता के दौरान जीवनदीप समिति के सदस्य दिलीप ठाकुर, दुष्यंत देवांगन, राहुल शर्मा, आलोक सुराना, प्रशांत डोनगांवकर, अंकुश पिल्ले, जिला अस्पताल के डॉक्टर बंजारे आदि उपस्थित थे। वहीं नगर निगम के महापौर धीरज बाकलीवाल, सभापति राकेश यादव, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजेंद्र साहू आदि भी उपस्थित रहे।


