दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 सितंबर। काम पर नहीं जाने से मिली उलाहना और बार-बार दादी द्वारा डांटे जाने से नाराज किशोर ने अपने दादी के सिर पर डंडे से वार कर उसकी हत्या कर दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने किशोर को पकड़ लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वृद्धा अमृत बाई मानिकपुरी (70) अपने बेटा, बहू व पोता-पोती के साथ बांधा तालाब गंजपारा में निवास करती थी। अमृत का 16 वर्षीय पोता रंगोली दुकान में काम करने जाता था, पिछले दो दिनों से वह काम पर नहीं जा रहा था। इस बात को लेकर दादी ने उसे उलाहना देते हुए काम पर जाने की बात कही। इसके बाद उपजे विवाद पर नाबालिग किशोर ने अपनी दादी के सिर पर डंडे से वार कर दिया। मंगलवार की दोपहर लगभग 2.30 बजे घर के लोग काम पर गए हुए थे। अमृत बाई मानिकपुरी घर पर अकेली थी। इसी दौरान उसका नाबालिग पोता घर आया और पैसे की मांग करने लगा। इस पर अमृत बाई ने उसे उलाहना देते हुए कहा कि काम पर क्यों नहीं जा रहा है। इस बात को लेकर वह गाली गलौज कर मारपीट करने लगा। इस दौरान गुस्से में आकर पोते ने अपनी दादी पर लकड़ी से वार कर दिया। जिससे अमृत बाई के सिर में गंभीर चोटें आई और उसका सिर फट गया।
शाम लगभग साढ़े चार बजे जब अमृत बाई की पोती घर पहुंची, तो उसने देखा कि दादी खून से लथपथ पड़ी हुई है। इसकी जानकारी उसने पुलिस थाना में दी। मौके पर नगर पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल, कोतवाली थाना प्रभारी राजेश बागड़े टीम सहित मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी राजेश बागड़े ने बताया कि आरोपी किशोर को पकड़ लिया गया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। नाबालिग किशोर ने बताया कि उसकी दादी उसे हमेशा परेशान करती थी और बचपन से ही वह उसके साथ मारपीट करते रहते थी। इससे वह हमेशा परेशान रहता था। आरोपी के खिलाफ धारा 302 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया गया है।


