दुर्ग

कर्मचारी अधिकारी मांगों को लेकर रहे हड़ताल पर
04-Sep-2021 5:40 PM
कर्मचारी अधिकारी मांगों को लेकर रहे हड़ताल पर

धरना-प्रदर्शन कर सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 4 सितंबर।
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के आव्हान पर विभिन्न शासकीय विभागों के कर्मचारी अधिकारियों से संबंधित 14 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर रहे, जिसकी वजह से आज अधिकांश शासकीय कार्यालय में दिनभर ताला लटका रहा। धरना प्रदर्शन उपरांत शासकीय अधिकारी -कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

जिले के विभिन्न शासकीय विभागों में कार्यरत अधिकारी कर्मचारी गांधी चौक के पास एकत्रित हुए जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी संगठन के प्रमुखों ने सभा को संबोधित किया। 

उन्होंने कहा कि फेडरेशन के द्वारा कलम बंद मशाल उठा चरणबद्ध आंदोलन में राज्य शासन को समय-समय पर अपनी मांगों के निराकरण के लिए अनुरोध करते आ रहे हैं उनकी इन मांगों में कुछ मांग घोषणा पत्र में भी उल्लेखित है, मगर राज्य शासन द्वारा कर्मचारी हित में समाधान कारक निर्णय नहीं लेने की वजह से कर्मचारी-अधिकारियों एवं पेंशनरों में आक्रोश है। शासन द्वारा कर्मचारी हित में निर्णय नहीं लेने की वजह से उन्हें कलम बंद काम बंद हड़ताल करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा की अवकाश लेकर वे हड़ताल पर है।

 इस दौरान विभिन्न मांगों को लेकर पुन: स्मरण पत्र उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा हड़ताली कर्मचारी-अधिकारियों ने इसके बाद भी उनकी 14 सूत्रीय मांगों पर समाधान हेतु ठोस पहल नहीं किया गया तो छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन अनिश्चितकालीन हड़ताल करने का निर्णय लेने बाध्य होगा।

पंचायत सचिवों ने शासकीयकरण 
करने सहित सात सूत्रीय मांग रखी

इस दौरान प्रदेश सचिव संघ के दुर्ग जिला इकाई द्वारा पंचायत सचिवों के शासकीय करण करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान संघ के जिला अध्यक्ष महेंद्र साहू ने कहा कि 10 हजार से अधिक पंचायत सचिव प्रदेश में कार्यरत है, जो ग्रामीण अंचल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।25 वर्षों से पंचायत सचिव अपनी सेवाएं दे रहे हैं शिक्षा कर्मी सहित विभिन्न विभागों में कार्यरत अनेक कर्मचारियों का शासकीय करण किया जा चुका है। प्रदेश के 88 विधायकों द्वारा शासकीयकरण की अनुशंसा किए जाने के बावजूद अब तक पंचायत सचिवों के शासकीय करण किए जाने की मांग लंबित है।
 


अन्य पोस्ट