दुर्ग

37 हजार सीटों में अब तक प्रवेश मात्र 20 हजार
03-Sep-2021 4:11 PM
37 हजार सीटों में अब तक प्रवेश मात्र 20 हजार

महाविद्यालयों में स्नातक स्तर पर प्रथम वर्ष में प्रवेश की गति धीमी

हेमचंद विवि के महाविद्यालयों में अब तक मात्र 54 फीसदी बच्चों को मिला प्रवेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 3 सितंबर।
हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग अंतर्गत आने वाले 141 महाविद्यालयों में से अधिकांश में स्नातक स्तर पर प्रथम वर्ष में प्रवेश की गति काफी धीमी है। विभिन्न महाविद्यालयों में सभी संकायों   के प्रथम वर्ष में करीब 37000 सीट उपलब्ध हैं। इन सीटों में अब तक 19982 विद्यार्थियों ने प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया है, जो कि लगभग 54 फीसदी है। कई महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए दूसरी सूची भी जारी हो गई है, बावजूद इसके प्रवेश के लिए छात्र कॉलेज नहीं पहुंच रहे हैं, जो एक बड़ी चिंता का विषय है। वैसे इस बार सभी महाविद्यालयों में कट ऑफ माक्र्स हाई परसेंट गया है। इस स्थिति में प्रवेश के लिए प्रतिस्पर्धा बनी हुई है।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. सी एल देवांगन ने बताया कि वे स्वयं तथा विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव एवं उपकुलसचिव डॉ. राजमणि पटेल प्रवेश संबंधी प्रक्रियाओं के क्रियान्वयन का भौतिक रूप से निरीक्षण के लिए महाविद्यालयों में विजिट कर रहे हैं। अधिकांश महाविद्यालयों के प्राचार्यों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार छात्रों ने ऑनलाइन आवेदन तो किया है परन्तु एडमिशन लेने महाविद्यालयों में नहीं आ रहे हैं। प्रथम एवं द्वितीय सूची जारी करने के पश्चात भी विद्यार्थी महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने हेतु महाविद्यालयों में संपर्क नहीं कर रहे हैं। गुरुवार को ये अधिकारी सेंट थॉमस कॉलेज, भिलाई, स्वामी श्री स्वारूपानंद कॉलेज, हुडको भिलाई तथा भिलाई महिला महाविद्यालय, भिलाई का भौतिक रूप से निरीक्षण किया।

सेमेस्टर कक्षाओं की हुई ऑनलाइन परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाएं विभिन्न महाविद्यालयों में जमा हो रही हैं। अभी तक लगभग 60 फीसदी उत्तरपुस्तिकाएं महाविद्यालयों में जमा हो चुकी हैं। आगामी 6 सितंबर से उत्तरपुस्तिकाएं विश्वविद्यालय में प्राप्त होना आरंभ हो जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन पीएचडी कोर्स वर्क की परीक्षा अक्टूबर माह के तृतीय सप्ताह में आयोजित करने की तैयारी कर रहा है। 

इस परीक्षा में वस्तुनिष्ठ प्रश्न होंगे। कोर्सवर्क की लिखित परीक्षा के पूर्व 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर के मध्य शोधार्थियों को अपने शोध विषय से संबंधित मौखिक प्रस्तुतिकरण बाह्य विशेषज्ञों के समक्ष देना होगा। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की परीक्षा की तिथियों को ध्यान में रखकर यह मौखिक प्रस्तुतिकरण आयोजित होगा। जिसकी समय सारिणी विश्वविद्यालय द्वारा पृथक से घोषित की जाएगी।
 


अन्य पोस्ट