दुर्ग
चार ने मिलकर की थी पिटाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 25 अगस्त। कोयला खाली करने ट्रक लेकर पहुंचे एक चालक के साथ चार आरोपियों ने जमकर मारपीट की। प्रार्थी पर लोहे के रॉड से प्राणघातक हमला किया गया, इससे प्रार्थी को गंभीर चोटें आई। किसी तरह प्रार्थी ने भागकर अपनी जान बचाई। प्रार्थी की शिकायत पर अंजोरा चौकी पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया।
अंजोरा चौकी प्रभारी देव शरण सिंह ने बताया कि एक आरोपी पुरुषोत्तम दुबे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं तीन फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम लगी हुई है।
श्रीजी ट्रांसपोर्ट कंपनी भिलाई में प्रार्थी मोहन यादव ड्राइवरी का कार्य करता है। 22 अगस्त को वह भी ट्रक क्रमांक सीजी 07 पी एस 0366 में उड़ीसा से कोयला भरकर बालाजी स्टील प्लांट रसमड़ा के भीतर खाली करवाने पहुंचा था। दोपहर लगभग 3 बजे जब ट्रक खाली हो गया तो मोहन यादव कांटा पर्ची के लिए जा रहा था।
रास्ते में कोमल दास सोया हुआ था। इस पर प्रार्थी ने कहा कि रोड पर से उठ जाओ ट्रक आ रही है। इस पर कोमल दास के साथी चालक गोलू कुमार, मन्नू तथा पुरुषोत्तम दुबे पहुंच गए और गाली गलौज करते हुए मोहन यादव के साथ मारपीट प्रारंभ कर दी। आरोपियों ने ट्रक से लोहे की रॉड निकालकर प्रार्थी के सिर पर प्राणघातक वार कर दिया। इससे मोहन यादव के सिर के पीछे हिस्से में चोट आई है और खून बहने लगा। इसके बाद कोमल दास भी उठ गया और उसने प्रार्थी को पकड़ लिया। चारों मिलकर मोहन की जमकर पिटाई की। किसी तरह मोहन वहां से भाग निकला और धर्म कांटा के भीतर जाकर अपनी जान बचाई।


