दुर्ग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 अगस्त। केंद्र का कृषि कानून किसान विरोधी है जिसका किसानों द्वारा भी विरोध किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर किसानों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य मिल सके, इसके लिए मंडी व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ठोस कार्य कर रही है। मंडियों में नवाचारों के माध्यम से उपलब्ध अधोसंरचना का शानदार उपयोग किया जा सकता है। दुर्ग की मंडी काफी बड़ी है और यहां पर बेहतर कार्य करने के लिए अधोसंरचना में काफी गुंजाइश है। यह बातें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिला मंडी बोर्ड के नव नियुक्त अध्यक्ष अश्विनी साहू के पदभार ग्रहण के अवसर पर आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में कही।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि हमारी सरकार खेती-किसानी पर केंद्रित है। हम किसानों के लिए एक ऐसी बाजार व्यवस्था का निर्माण करना चाहते हैं। जिसमें जोखिम न्यूनतम हो और मोलभाव करने की अधिकतम शक्ति किसानों को मिले। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के माध्यम से धान की बजाय दूसरी फसलों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इनके विपणन की व्यवस्था करना और किसानों के लिए मंडियों में अधिक उत्साह जनक माहौल पैदा करने की जिम्मेदारी मंडी की है। श्री साहू ने दुर्ग जिले में पदभार संभाला है। वे किसान परिवार से हैं। तीन बार पतोरा के सरपंच रह चुके हैं। खेती-किसानी की गहरी समझ रखते हैं। अपनी कर्मठता और अपने सुदीर्घ अनुभव से श्री साहू मंडी में बेहतर व्यवस्था करेंगे। अभी सरकार को अनेक नवाचार मंडी के माध्यम से कार्यान्वित करने हैं। अच्छे नेतृत्व से इन कार्यों का संपादन बेहतर रूप में हो सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने प्रदेश भर में 4000 चबूतरे बनाये, इससे लाखों टन उपज खराब होने से बचाया जा सका। अब इनके शेड निर्माण का कार्य भी मंडी बोर्ड को करना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि दुर्ग की मंडी ऐतिहासिक रही है। यहां स्व। वासुदेव चंद्राकर जैसे दिग्गज नेताओं ने कार्य किया है। खेती किसानी की यह पवित्र जगह है। श्री साहू यहां बेहतर कार्य कर मंडी के विकास को तेजी से बढ़ावा देंगे। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा मंडी बोर्ड के संचालन का दायित्व काफी बड़ा दायित्व होता है। किसानों के लिए मंडी में बेहतर सुविधाएं, उन्हें अपने उत्पादों के लिए उचित मूल्य दिलाने का यह सबसे बड़ा माध्यम है। प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि मंडी की व्यवस्था को उन्होंने काफी नजदीकी से देखा है। यहां पर किसानों के लिए बेहतर कार्य करने की काफी गुंजाइश होती है। विधायक अरुण वोरा ने अपने संबोधन में श्री साहू को बधाई दी और मंडी के उत्तर दायित्वों में सफल होने के लिए शुभकामनाएं व्यक्त की। इस मौके पर दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष शालिनी रिवेन्द्र यादव, पूर्व विधायक प्रतिमा चन्द्राकर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वय तुलसी साहू, निर्मल कोसरे, मुख्यमंत्री के ओएसडी आशीष वर्मा, चैतन्य बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।