दुर्ग
चंदखुरी में 18 से शुरू होगा नया विश्वविद्यालय
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 4 अगस्त। छत्तीसगढ़ सरकार के उच्च शिक्षा विभाग ने दुर्ग जिले में एक और निजी विश्वविद्यालय स्थापना की अधिसूचना जारी की है। नया विश्वविद्यालय भारती यूनिवर्सिटी के नाम से जाना जाएगा। इसका संचालन चंदखुरी में 18 अगस्त से प्रारंभ होगा। भारती ग्रुप ऑफ कॉलेजेस दुर्ग पुलगांव चौक को इसके संचालन की अनुमति दी गई है। इस तरह जिले में यह चौथा विश्वविद्यालय होगा यहां तकनीकी और फार्मेसी सहित अकादमिक कोर्स का संचालन किया जाएगा। भारती ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के डायरेक्टर सुशील चंद्राकर ने बताया कि भारतीय विश्वविद्यालय का संचालन चंदखुरी में किया जाएगा। इसमें 10 संकाय शामिल है. यहां इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक, डी फार्मा, बी फार्मा के पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। साथ ही अकादमिक कोर्स के अंतर्गत स्नातक स्तर पर बीए, बीकॉम और बीएससी की कक्षाएं शुरू की जाएगी। साथ ही पोस्ट ग्रेजुएशन कोर्स और पीएचडी के लिए पाठ्यक्रम का भी संचालन किया जाएगा।
भारती ग्रुप आफ कॉलेजेस द्वारा इंजीनियरिंग के अलावा एग्रीकल्चर, आयुर्वेद सहित कई विषयों का संचालन किया जा रहा है। अब विश्वविद्यालय स्थापित होने से दुर्ग जिले के छात्रों को बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उन्हें दुर्ग में ही बेहतर अवसर मिलेगा। भारती विश्वविद्यालय की स्थापना को शिक्षा के क्षेत्र में दुर्ग जिले के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.वहीं विश्वविद्यालय की स्थापना से दुर्ग संभाग में संचालित विश्वविद्यालयों की संख्या 8 हो जाएगी। इसमें 4 राजकीय विश्वविद्यालय, 3 निजी विश्वविद्यालय हैं। फिलहाल भारती विश्वविद्यालय को अपने परिसर में ही संचालित होगी। यहां पर विद्यार्थियों के रहने के लिए छात्रावास समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध है। नए विश्वविद्यालय की अधिसूचना जारी होने के साथ ही कुलपति के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिसके लिए 5 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है. जिसकी स्कूटनी के बाद चयन प्रक्रिया होगी. इसके लिए समिति की गठन कर लिया गया है।


