दुर्ग

शाकंभरी महोत्सव पर पटेल समाज के भवन का बघेल-वोरा ने किया लोकार्पण
09-Feb-2026 4:14 PM
शाकंभरी महोत्सव पर पटेल समाज के भवन का बघेल-वोरा ने किया लोकार्पण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 फरवरी।
गया नगर स्थित पटेल धर्मशाला में माँ शाकंभरी देवी के वार्षिक महोत्सव के अवसर पर आयोजित गरिमामय समारोह में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक अरुण वोरा ने की। समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन, गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस अवसर पर अपने संबोधन में भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में सभी समाजों के लिए सामुदायिक भवनों की स्वीकृति प्रदान कर उनका निर्माण कराया गया, ताकि सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को सुदृढ़ आधार मिल सके और विभिन्न समुदायों को संगठित रूप से कार्य करने के लिए उपयुक्त मंच उपलब्ध हो।

अरुण वोरा ने कहा कि इस भवन के निर्माण की आधारशिला रखने में अविभाजित मध्य प्रदेश के तत्कालीन पूर्व मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा एवं पूर्व मंत्री जालमसिंह पटेल का उल्लेखनीय योगदान रहा है। उन्होंने आवश्यक राशि स्वीकृत कर आधारशिला रखी तथा भवन का निर्माण करवाया, जिसके पश्चात भूपेश बघेल  ने भी मुख्यमंत्री रहते हुए  स्वीकृति प्रदान की, जिसका लोकार्पण आज हम सबकी सामूहिक उपस्थिति में किया जा रहा है। वोरा ने इस पावन आयोजन हेतु दुर्ग कोसरिया मरार (पटेल) समाज को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह भवन समाज की एकता, सहयोग और प्रगति का प्रतीक बनकर भविष्य में सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र सिद्ध होगा।


अन्य पोस्ट