दुर्ग

ऑटो मैकेनिक की बेटी बनीं सहायक प्राध्यापक
31-Jul-2021 6:19 PM
ऑटो मैकेनिक की बेटी बनीं सहायक प्राध्यापक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 31 जुलाई। ए
क ऑटो मैकेनिक ने अपनी अपनी बेटी का लक्ष्य पूरा कराने का सपना देखा था। बेटी का लक्ष्य को पूरा करने उन्होंने प्रतिकूल आर्थिक परिस्थिति के बावजूद नेट की परीक्षा की तैयारी के लिए पढ़ाई हेतु उन्हें दिल्ली भेजा था। बेटी ने भी अपनी कड़ी मेहनत और लगन से पिता का सपना सच कर दिखाया। हाल ही में पीएससी की परीक्षा पास कर वे सहायक प्राध्यापक के लिए चयनित हुई है। सहायक अध्यापक के पद पर चयनित हुई वर्षा वर्मा शुरू से ही पढ़ाई में होशियार थी। उन्होंने 12वीं बोर्ड की परीक्षा 92 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण कर कल्याण कॉलेज से बीएससी की परीक्षा 69 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की. वहीं पंडित रविशंकर विश्वविद्यालय से 77 प्रतिशत अंक लेकर एमएससी की परीक्षा फिजिक्स विषय लेकर वर्ष 2015 में पास की। उनके पिता दल्लू वर्मा का दल्लू सर्विसिंग सेंटर के नाम से ऑटो रिपेयरिंग की दुकान है। उनकी मां गृहणी है। उनका भाई भी इसी दुकान में ऑटो रिपेयरिंग का काम करते हैं। उनका कहना है कि उनके पिता हमेशा उन्हें कहा करते थे कि जो लक्ष्य बनाए हो उसे तुम्हें पूरा करना है। इसके लिए उन्हें जो भी मदद की जरूरत है वे करने के लिए तैयार हैं। उनकी शुरू से ही अध्यापन में रुचि थी। 

वर्षा बताती हैं कि परीक्षा के समय उनका मोबाइल बंद रहता था। इस दौरान वे सिर्फ  पढ़ाई को लेकर ही अपने मित्रों से चर्चा करती थी और पूरा समय वे परीक्षा की तैयारी में केंद्रित कर देती थी। उन्होंने जब नेट की परीक्षा क्लियर की तो उनके भाई ने तत्काल उन्हें नया मोबाइल गिफ्ट किया। उन्होंने सहायक प्राध्यापक भर्ती की परीक्षा ओबीसी श्रेणी से दिलाई थी मगर उनका चयन इस परीक्षा में सामान्य श्रेणी में 8वें रैंक पर हुआ है। उनका कहना है कि लक्ष्य बनाकर आगे बढ़े तो सफलता जरूर मिलती है।
 


अन्य पोस्ट