धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 3 जुलाई। प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर भखारा, मगरलोड के बाद आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा कुरुद सोसाइटी के सामने भाजपा सरकार की किसान, मजदूर, युवा और छात्र विरोधी नीतियों के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया गया। जिसमें कांग्रेसी नेताओं ने भाजपा की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर हल्ला बोला।
गुरुवार को करीब 12 बजे शुरू धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस सचिव तारणी चन्द्राकर ने कहा कि जुमला पार्टी भाजपा की सरकार गांव गांव गली-गली शराब और नशे के दूसरे समान बेरोकटोक उपलब्ध करा रही है, लेकिन किसानों को डीएपी, यूरिया और अन्य रासायनिक खाद,बीज उपलब्ध नहीं करा रही है। जो दिए जा रहे हैं, वह भी घटिया क्वालिटी के हैं। सरकार की कथित योजनाएं कागजों तक सिमट कर रह गई हैं। पूर्व विधायक लेखराम साहू ने बताया कि बीज की किल्लत होने के कारण किसान अभी तक बुवाई कार्य प्रारम्भ नहीं कर पाए हैं। सरकार चाहती कि प्रति एकड़ 14 से 15 क्विंटल ही फसल की पैदावार हो। जिला पंचायत सदस्य नीलम चन्द्राकर ने आज के इस आंदोलन को प्रदेश सरकार के लिए एक चेतावनी बताते हुए कहा कि खराब स्वास्थ्य सुविधाएं और शिक्षा में अव्यवस्था ने आम नागरिकों का जीना दूभर कर दिया है। अब जनता खुद सामने आकर इन झूठे वादों और दिखावों का जवाब दे रही है। यदि जनहित की मांगें नहीं मानी गईं, तो यह विरोध और व्यापक होगा।
कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष भरत नाहर ने कहा कि भाजपा की साय सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही हैं, कानून व्यवस्था का बूरा हाल है, महिलाओं के साथ लगातार अनेक घटनाएं घटित हो रही है, प्रदेश में अपराध चरम सीमा पर पहुँच गया है। पूर्व नपंअध्यक्ष तपन चन्द्राकर ने भी नगर में बढ़ती नशाखोरी, लूट, चोरी, रेत तस्करी का उल्लेख करते हुए भाजपा शासन की जनविरोधी मानसिकता, बदहाल व्यवस्थाएं और जनहित की अनदेखी पर सवाल उठाए।
अजजा आयोग पूर्व उपाध्यक्ष राजकुमारी दीवान ने बताया कि किसान, शिक्षक वर्ग, विद्यार्थी और आम जनता की उपेक्षा अब बर्दाश्त नहीं होगी। कांग्रेस गांव-गांव तक जाकर साय सरकार की असलियत उजागर करेगी। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष शर्मा, विधानसभा युंका अध्यक्ष देवव्रत साहू ने कहा कि युक्तियुक्तकरण के फैसले से शिक्षा की रीढ़ टूट रही है। स्कूलों का विलय कर बच्चों को दूर भेजा जा रहा है, जो सरासर अन्याय है। यह फैसला वापस होना चाहिए। सरकार अभी तक किताबों का वितरण नही कर पाई हैं।
शाला प्रवेश उत्सव के नाम पर इवेंटबाजी चल रही हैं। इसी तरह कुछ अन्य नेताओं ने भी भाजपा की नितियों की आलोचना करते हुए सरकार को जमकर घेरा। इस अवसर पर कार्यक्रम प्रभारी विपिन साहू, प्रहलाद चन्द्राकर, रमेशर साहू, मनीष साहू, डुमेश साहू, उत्तम साहू, अर्जून ध्रुव, प्रमोद साहू, शत्रुहन साहू,मनोज अग्रवाल, रवि शर्मा, मनोज भतपहरी, अशोक साहू, संतोष प्रजापति, भखारा ब्लॉक अध्यक्ष राजू साहू,विनोद साहू महेंद्र साहू सहित किसान व कांग्रेस जन उपस्थित थे।