धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 24 मई। भारतीय जनता पार्टी द्वारा अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर ग्राम बगौद में स्वच्छता अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही प्रसिद्ध मराठा शासिका अहिल्याबाई होल्कर के बारे में ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी गई।
शुक्रवार सुबह ग्राम पंचायत बगौद चंडी मंदिर बाजार चौक में स्वच्छता अभियान चलाकर ग्रामीणों को साफ सफाई का महत्व समझाया गया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष कृष्णकांत साहू ने मराठा शासिका अहिल्याबाई होल्कर के बारे में बताया कि 1767 से 1795 तक उन्होंने मध्य भारत में मालवा क्षेत्र का शासन किया था। उनका जन्म 31 मई 1725 को महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में चौंडी गाँव में हुआ था, वे अपने न्याय, परोपकार और कुशल प्रशासन के लिए जानी जाती हैं। पूर्व मंडल अध्यक्ष कुलेश्वर चन्द्राकर ने कहा कि अहिल्याबाई के पिता मनोकजी शिंदे गाँव के पटेल थे। अहिल्याबाई बचपन से ही शिवभक्ति में रुचि लेने के साथ पारंपरिक शिक्षा के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक ज्ञान प्राप्त किया।
वरिष्ठ भाजपा नेता मालकराम साहू ने बताया कि अहिल्याबाई ने अपनी कुशल नीतियों और प्रशासन से राज्य को समृद्ध बनाया और लोगों को खुशहाल जीवन दिया। उन्होंने अपने राज्य में मंदिरों और धर्मशाला का निर्माण करा, इन स्थानों में विद्वानों की नियुक्ति कर शास्त्रों के मनन-चिन्तन और प्रवचन हेतु प्रोत्साहन और गरीबों की मदद कर मराठा साम्राज्य के विस्तार में अहम निभाई। इस अवसर पर सरपंच जशोदा साहू, पूर्व सरपंच घनश्याम चन्द्राकर,ईश्वर साहू, लीलाराम, हिराराम, झुरांगुराम, विनोद साहू, बिसहत टेलर, भोजराज साहू, शेषनरायण, डोमन, कमलेश साहू, कलेन्द्री बाई, सुनिता, खेदीन, पारसमणि, भारतेन्द्र, भोजराम, टेमन साहू, कमलेश रेड्डी आदि उपस्थित थे।