धमतरी
आक्रोशित ग्रामीणों ने एंबुलेंस में की तोडफ़ोड़, चालक और पुलिस को पीटा, चक्काजाम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 9 जून। महानदी से दिन रात रेत भरकर तेज रफ्तार से दौड़ती हाइवा ने सोमवार रात एक युवक को अपनी चपेट में ले लिया। रेत परिवहन से आए दिनों होने वाले सडक़ हादसों से गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा मचाया और चक्काजाम कर दिया। सूचना के बाद भी 108 एंबुलेंस की लेटलतीफी से भडक़े ग्रामीणों ने समाज सेवी संस्था के एंबुलेंस में तोडफ़ोड़ कर चालक की पिटाई कर दी। बचाव कर रहे पुलिस जवानों को भी चोट आई है। पुलिस घटना में शामिल आरोपियों की पतासाजी कर रही है।
सोमवार रात कुरूद मेघा रोड में ग्राम उमरदा के पास रेत से भरी तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरा साथी घायल हो गया। रात 8 बजे जब महानदी से रेत भरकर एक तेज रफ्तार हाईवा मेघा की ओर से कुरूद की तरफ आ रही थी, तभी उमरदा गोठान के पास अपनी बाइक क्रमांक सीजी 04 एमएन 5333 से घर भैंसमुंडी मगरलोड लौट रहे लीलाराम साहू एवं गिरेंद्र यादव को ठोक दिया। हादसा इतना जबर्दस्त था कि एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, दूसरा घायल हो गया।
घटना की सूचना देने के बाद भी 108 एंबुलेंस के नहीं पहुंचने से ग्रामीण भडक़ उठे और लाश को सडक़ पर रख चक्का जाम कर दिया। मौके पर मौजूद टीआई अवधराम साहू ने तत्काल कुरूद से वन्देमातरम परिवार की एंबुलेंस को बुलाया। लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने उक्त एम्बुलेंस में तोड़ फोड़ करने लगे। चालक एवं पुलिस कर्मी बीच बचाव करने लगे तो भीड़ ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। जिसमें एक एएसआई एवं एंबुलेंस चालक राधेश्याम साहू को चोट आई है।

हालात बिगड़ता देख उच्चाधिकारियों को खबर की गई तब तहसीलदार सूरज बंछोर एवं बीएमओ हेमराज देवांगन को भेजा। लेकिन उनकी बात किसी ने नहीं सुनी। ग्रामीण रेत भरी हाईवा पर नियंत्रण एवं मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग कर चक्काजाम पर अड़े रहे। इस दौरान भीड़ ने शासन, प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी के माध्यम से आक्रोश जाहिर करते हुए बवाल मचाया। जिसे काबू में करने मगरलोड, करेली बड़ी, बिरेझर चौकी से पुलिस बल बुलवाया गया। तब देर रात ग्रामीणों की भीड़ को सडक़ से हटाया गया। और लाश को पीएम के लिए भेजा गया। पुलिस मारपीट, तोडफ़ोड़ करने वाले तत्वों की पतासाजी कर रही है।


