धमतरी

गांजा तस्कर का मददगार सैनिक पुलिस के हत्थे चढ़ा
10-Jun-2026 7:01 PM
गांजा तस्कर का मददगार सैनिक पुलिस के हत्थे चढ़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 10 जून। मगरलोड पुलिस ने गांजा तस्कर के मददगार नगर सैनिक को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।

 प्राप्त जानकारी के मुताबिक धमतरी जिले के थाना मगरलोड में 14 अप्रैल को धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत पंजीबद्ध अपराध प्रकरण में पुलिस ने ग्राम मोहेरा के पति-पत्नी लाभाराम एवं सुशीला कुर्रे को करीब 90 हजार के माल सहित गिरफ्तार किया था। उक्त गांजा के प्रकरण की गहन विवेचना, तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर से प्राप्त सूचनाओं एवं संकलित साक्ष्य परीक्षण के दौरान मामले में एक और आरोपी नगर सैनिक की संलिप्तता उजागर हुई।

 जांच में प्राप्त तथ्यों से स्पष्ट हुआ कि आरोपी की भूमिका भी अवैध गांजा कारोबार से संबंधित गतिविधियों में रही है। आरोपी महेश सिन्हा जो नगर सैनिक के रूप में कार्यरत है, उक्त अवैध गांजा कारोबार से जुड़ा हुआ था। लगातार निगरानी के पश्चात पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो इस प्रकरण से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।

पर्याप्त साक्ष्य होने पर आरोपी महेश सिन्हाग्राम पाहन्दा थाना मगरलोड जिला धमतरी को  गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।   इस मामले में धमतरी पुलिस का कहना है कि अवैध कारोबारियों से जुड़े नेटवर्क के संभावित कडिय़ों की  गहन जांच की जा रही है। नशे के कारोबार में प्रत्यक्ष, अप्रत्यक्ष रूप से संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा सभी के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट