धमतरी

भारतीय सेना दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम-विधायक
22-May-2025 10:28 PM
भारतीय सेना दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम-विधायक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 22 मई। इतिहास गवाह है 1971 के युद्ध से लेकर  ऑपरेशन सिंदूर तक भारत ने अपनी ताकत का एहसास करा विश्व बिरादरी को यह संदेश दिया है कि जो हमें आंख दिखायगा, उसे बक्शा नहीं जाएगा। देश की सेना दुश्मनों को मुंह तोड़ जवाब देने में सक्षम है। उक्त बातें कुरूद विधायक अजय चन्द्राकर ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में आयोजित तिरंगा यात्रा में कही।

गुरुवार को भखारा क्षेत्र के बड़ी आबादी वाले ग्राम पंचायत सेमरा में जनपद पंचायत द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री अजय चन्द्राकर ने हाथ में तिरंगा लेकर रैली निकाल गांव का भ्रमण किया।

बस स्टैंड चौक में मंचीय उद्बोधन देते हुए श्री चन्द्राकर ने बताया कि  पहलगाम में पाकिस्तानी आतंकियों द्वारा 26 भारतीयों की हत्या कर दी गई। इस कायरता पूर्ण घटना के बाद पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ बदले की मांग करने लगा। जवाब में मोदी सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर आंतकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया। जिससे पाकिस्तान घुटने के बल गिर युद्ध रोकने की मिन्नते करने लगा। तब हमने सीजफायर कर पड़ोसी देश को जीवन दान दिया है।

 उन्होंने आगे बताया कि मोदीराज में भारत एक मजबूत विकसित देश के रूप में उभर रहा है। जिसे चीन, पाकिस्तान, तुर्की जैसे देश पचा नहीं पा रहे हैं। वे छद्म युद्ध के सहारे हमारी देश की एकता और अखंडता को तोडऩा चाहते हैं, लेकिन अब भारत बर्दाश्त नहीं करेगा।  पाकिस्तान को मुंह तोड़ जवाब देने वाली सेना के सम्मान में निकाली गई यह तिरंगा यात्रा भले ही प्रतीकात्मक है। लेकिन हम अपने देश के साथ पूरी एकजुटता के साथ खड़े हैं।

इस मौके पर जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू, उपाध्यक्ष सतीश जैन, जिपं सभापति पूजा सिन्हा, कुलेश्वरी गायकवाड़,आनन्द यदु, बनीता सिन्हा,सरपंच दुर्गा सिन्हा, उपसरपंच दीपक चक्रधारी, सोसायटी अध्यक्ष पंकज सिन्हा, मण्डल अध्यक्ष रवि सिन्हा, गौतम जैन,रामस्वरूप साहू, मोतीलाल सिन्हा,छत्रपाल बैस, सीईओ अमित सेन सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व ग्रामवासी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट