धमतरी

घटिया क्वालिटी पर अफसरों को महापौर ने लगाई फटकार
04-Mar-2025 4:35 PM
घटिया क्वालिटी पर अफसरों को महापौर ने लगाई फटकार

कहा- जांच कराए या तो वर्क ऑर्डर कैंसल करें

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 धमतरी, 4 मार्च। धमतरी में शपथ लेने के ठीक एक दिन महापौर रामू रोहरा बिलाई माता मंदिर मार्ग के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे। सडक़ पर लगे चेकर की जांच के दौरान कार्य की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं मिली। महापौर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ठेकेदार को नोटिस जारी किया है। साथ ही उनका भुगतान रोक दिया गया है। जिम्मेदार अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि या तो जांच कराए या तो वर्क ऑर्डर कैंसिल करे।

महापौर रामू रोहरा ने निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य नियमानुसार किया जाए। उन्होंने मौजूदा घटिया कार्य को रोककर नए सिरे से गुणवत्तापूर्ण निर्माण करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि अब भी काम की गुणवत्ता में सुधार नहीं होता है, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी और निर्माण कार्य को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा।

भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा - महापौर

महापौर रामू रोहरा ने कहा कि ठेकेदार का भुगतान को रोकने कहा गया है। जब तक सही काम नहीं होगा, तब तक पेमेंट नहीं किया जाएगा। धमतरी शहर की आराध्य देवी मां बिलाई माता मंदिर जाने का एक ही खूबसूरत रास्ता है जिस पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता के पैसों का दुरुपयोग होने नहीं दिया जाएगा। विकास कार्यों में पारदर्शिता व गुणवत्ता का विशेष ख्याल रख जाएगा। निगम के ईई महेन्द्र जगत ने बताया कि पेवर ब्लॉक लगाने का काम ठेकेदार रामभुवन कुशवाहा कर रहे हैं, जिन्हें कार्य की गुणवत्ता को लेकर नोटिस जारी किया जा रहा है। भुगतान भी रोका जा रहा है। निर्माण काम की कुल लागत 38 लाख 84 हजार रुपए है।

महापौर ने निगम कार्यालय का निरीक्षण किया

नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने निगम कार्यालय पहुंचकर विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। साथ में उपायुक्त पीसी सार्वा मौजूद थे। उन्होंने कार्यालय की साफ-सफाई, कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यशैली का निरीक्षण किया। कर्मचारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी ली। फाइलों के रखरखाव, दस्तावेजों के संकलन और लंबित मामलों पर अधिकारियों से चर्चा की। महापौर ने स्पष्ट चेताया कि काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी गई। निगम के जल विभाग, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग और अन्य महत्वपूर्ण विभागों का निरीक्षण किया।


अन्य पोस्ट