धमतरी

तालाब में डूबकर 2 सगी बहन समेत तीन की मौत, एक साथ निकली अर्थी
30-Oct-2024 1:10 PM
तालाब में डूबकर 2 सगी बहन समेत तीन की मौत, एक साथ निकली अर्थी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 धमतरी, 30 अक्टूबर। नगरी ब्लॉक के बेलरगांव के तालाब में 2 सगी बहन समेत 3 लड़कियां डूब गई। तीनों की लाश ग्रामीणों ने तालाब से बाहर निकाली। एक साथ तीनों की अर्थी देर-शाम उठी। गांव के श्मशान घाट में 3 अलग-अलग चिता में तीनों का अंतिम संस्कार हुआ।

सिहावा पुलिस के मुताबिक बेलरगांव के शीतला पारा निवासी धन्नूराम यादव की 2 बेटी काजल यादव (14) कक्षा 9वीं, उसकी बड़ी बहन यामिनी यादव (18) और पड़ोसी सहेली सेविका (14) पिता सुरेश कोर्राम तीनों मंगलवार सुबह भुखर्रा तालाब में नहाने गई थी। नहाते समय सेविका तालाब की गहराई में चली गई। उसे बचाने दोनों सगी बहन काजल व यामिनी भी तालाब में कूदी। इस बीच तीनों तालाब में डूब गई। घटना के समय तालाब किनारे से एक व्यक्ति गुजर रहा था। नजर तालाब में पड़ी। उसने ग्रामीणों को आवाज लगाकर घटना की जानकारी दी।

 भीड़ एकत्रित हुई, तब तक तीनों लड़कियां डूब गई थी। स्थानीय ग्रामीणों ने लड़कियों को ढूंढने तालाब में खोजबीन शुरू की। पुलिस सूचना पर घटना स्थल पहुंची। ग्रामीणों ने मछली जाल फेंका।

घंटे भर की मशक्कत के बाद एक-एक कर तीनों युवती सेविका, काजल और यामिनी को तालाब से बाहर निकाला गया। एंबुलेंस की मदद से आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

इधर घटना की सूचना के बाद गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

एक साथ उठी तीनों की अर्थी

पीएम कराकर तीनों मृतकों के शव को परिजनों को सौंपा। शीतला पारा वार्ड के चौक में परिजनों, रिश्तेदारों ने रीति-रिवाज से अंतिम विदाई दी। फिर ग्रामीणों ने तीनों की अर्थी मंगलवार शाम को निकाली। मुक्तिधाम में देर-शाम दाह संस्कार हुआ।


अन्य पोस्ट