धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 27 अक्टूबर। रायपुर की तर्ज पर धमतरी में भी सिटी बस चलाना प्रशासन चाहता है, लेकिन चलाने कोई आगे ही नहीं आ रहा है। अर्बन पब्लिक सोसाइटी इसके लिए अब तक 5 बार टेंडर निकाल चुकी है। तत्कालीन कलेक्टर भीम सिंह व महापौर अर्चना चौबे ने पहल की थी। शहर में 10 सिटी बसें भी शुरू की गई, लेकिन बाद में संचालन एजेंसी की उदासीनता से सिटी बस सेवा बंद हो गई, जो अब तक दोबारा चालू नहीं हो सकी है।
धमतरी के कलेक्टर रहे ऋ तुराज रघुवंशी ने फिर से शहर में सिटीबस संचालन के लिए पहल की। इसके लिए ई-टेंडर भी जारी हो गया, लेकिन बस संचालन के लिए किसी भी संस्था या कंपनी रुचि नहीं दिखा रहे हैं। आम जनता की मांग पर राज्य सरकार की ओर से यहां 10 अक्टूबर 2015 में दस सिटी बसों का संचालन शुरू किया था। यह बसें धमतरी से कंडेल-दोनर, खरेंगा होते हुए कुरूद वहां से वापस होती थी। नगरी से गट्टासिल्ली, दुगली, धमतरी से गंगरेल, धमतरी से मेघा, धमतरी से आमदी, पलारी होते हुए गुंडरदेही, धमतरी से कोर्रा होते हुए भखारा तक चलती थी। इन रूटों के यात्रियों के लिए सिटी बस सेवा किसी से वरदान से कम नहीं थी। जब तक सिटी बसें चलीं, यात्रियों ने राहत की सांस ली।
निगम के डिप्टी कमिश्नर प्रवीण सार्वा ने बताया कि सिटी बस के लिए अर्बन पब्लिक सर्विस सोसाइटी का गठन किया है। इसके पदेन अध्यक्ष कलेक्टर होते हैं। टेंडर की प्रक्रिया यहीं से होती है। अब तक 5 बार टेंडर जारी किया जा चुका है, लेकिन संचालन के लिए कोई भी इच्छुक सामने नहीं आया।


