धमतरी
शांति समिति की बैठक में प्रशासन ने डीजे पर लगाया बैन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 11 अक्टूबर। शहर में आज देर-शाम दुर्गा विसर्जन झांकी निकलेगी। इसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने शांति समिति की बैठक लेकर त्योहार शांति व सौहार्द तरीके से मनाने की अपील की। प्रशासन ने यह भी कहा कि डीजे पर पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।
कोतवाली थाना के जनसंवाद कक्ष में 10 अक्टूबर को बैठक हुई। बैठक में धमतरी जिलेवासियों को दुर्गा झांकी, दुर्गा विसर्जन व दशहरा त्योहार को शांति और सौहार्द्र से मनाने की अपील की गई। झांकी का रूट मार्ग मकई चौक से विंध्यवासिनी मंदिर, रुद्री घाट में क्रेन से विसर्जन किया जाएगा।
2 दिन का विसर्जन व्यवस्था प्रशासन द्वारा किया गया है। बैठक में दुर्गा झांकी समिति द्वारा कुल 9 झांकी निकाले जाने की बात कही गई। यह 11 अक्टूबर को शाम 5 बजे से रात्रि 11 बजे तक झांकी निकालने का समय निर्धारित है। दुर्गा झांकी व दुर्गा विसर्जन की वीडियोग्राफी फोटोग्राफी प्रशासन द्वारा कराई जाएगी। प्रतिमा विसर्जन शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से शनिवार को शाम 6 बजे तक प्रशासन द्वारा विसर्जन की व्यवस्था की जा रही है।
बैठक में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने गाइडलाइन और नियमों के बारे में दुर्गा झांकी समितियों के सदस्यों को जानकारी दी गई। बैठक में एसडीएम डॉ. विभोर अग्रवाल, कोतवाली प्रभारी राजेश मरई, निगम के प्रभारी कमिश्नर पीसी सार्वा, एसआई प्रेम प्रसाद उपाध्याय, विहिप अध्यक्ष संदीप अग्रवाल, पीयूष पारख, प्रतीक सोनी, चित्रेश साहू, देवेश अग्रवाल समेत दुर्गोत्सव समितियों के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
अराजक तत्वों पर रहेगी नजर
पुलिस ने बताया कि दुर्गा झांकी, विसर्जन और दशहरा महोत्सव को लेकर पुलिस चौक-चौबंद व्यवस्था रहेगी। असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की अलग-अलग तीन टीम बनाई गई है। ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए हर एक स्तर पर प्रयास किया जाएगा।
त्यौहार को लेकर पुलिस प्रशासन से लेकर स्थानीय प्रशासन हाई अलर्ट मोड पर है।


