धमतरी

14 दिन पहले महानदी में दफन शव बाढ़ से बाहर आया, फिर से अंतिम संस्कार
14-Sep-2024 3:34 PM
14 दिन पहले महानदी में दफन शव बाढ़ से बाहर आया, फिर से अंतिम संस्कार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 14 सितंबर।
बारना में 14 दिन पहले महिला की लाश को ग्रामीणों ने महानदी में दफना दिया था। बीते दिनों महानदी में बाढ़ आने के बाद शव बाहर निकल गया। शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और फिर से श्मशान में दफना कर अंतिम संस्कार कर दिया।

पुलिस ने बताया कि बारना में नदी में मिली महिला की लाश की पुलिस की मौजूदगी में शिनाख्ती कराई गई। उसकी शिनाख्ती गांव की रैनी बाई (80) के रूप में हुई। पखवाड़े भर पहले महिला की मौत होने के बाद परिजनों व ग्रामीणों ने महानदी में उनका अंतिम संस्कार किया था, लेकिन नदी में बाढ़ आने से 12 सितंबर को उसकी लाश रेत से बाहर आ गई। महिला का शव फिर से लोगों को दिख गया, जिसके बाद ग्रामीणों को सूचना लगी, तब उन्होंने शव मिलने की सूचना दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने परिजनों व ग्रामीणों के सहयोग से महिला को श्मशान में दफना कर अंतिम संस्कार कर दिया। 

कोकड़ी के तालाब में मिला अज्ञात शव
कुरूद टीआई अरुण साहू ने बताया कि 12 सितंबर को सुबह 10 बजे ग्राम कोकड़ी (खैरा) के तालाब में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। चरवाहा की नजर पडऩे पर ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। 
लाश पचरी के पास थी। पुलिस मौके पर पहुंची और लाश को बाहर निकलवा कर शिनाख्ती का प्रयास किया। उसकी पहचान नहीं होने पर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भिजवा दिया। 24 घंटे बाद भी उसकी पहचान नहीं हो सकी है। मृतक की तस्वीर आसपास थानों में भिजवा दी है। सोशल मीडिया में भी वायरल कर शिनाख्ती का प्रयास किया जा रहा है। घटनास्थल पर मृतक का पेंट मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
 


अन्य पोस्ट