धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 10 सितंबर। साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक कलेक्टर नम्रता गांधी ने ली। जिले के नगरीय निकायों में संचालित स्वच्छता सर्वे अभियान के गतिविधियों की जानकारी ली। स्वच्छता संबंधी गतिविधि निरंतर करने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। कहा कि स्वच्छता अभियान के लिए सभी की सहभागिता जरूरी है। सार्वजनिक स्थल, चौपाटी, हाट बाजार जैसे स्थलों की पहचान कर स्वच्छता अभियान के तहत जन जागरूकता रैली, दीवार लेखन, सामाजिक सहभागिता से श्रमदान कर स्वच्छता के क्षेत्र में अपना योगदान करें।
सभी विभागीय अधिकारी अपने-अपने कार्यालय में साफ-सफाई कार्यक्रम कर स्वच्छता का संदेश देने कहा। जल जीवन मिशन अंतर्गत संचालित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन के तहत जिले के प्रत्येक गांव में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता हो। जल जीवन मिशन कार्य का सर्टिफिकेशन करें। साथ ही जहां बोरिंग खराब है, मरम्मत कराने कहा।
खाद, कीटनाशक, स्वाईल हेल्थ कार्ड, सिकलसेल की जानकारी ली। यूरिया आदि की कमी न हो और किसी भी स्थिति में खाद-बीज की कमी न पड़े इसका ध्यान रखने कहा है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
जल शक्ति अभियान के तहत पर्यावरण के प्रति लोगों को स्वैच्छिक कार्यकर्ताओं के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है । तालाबों के महत्व और आवश्यकताओं को समझने सामुदायिक भागीदारी से एक सर्वेक्षण तैयार किया जा रहा है। उन्होंने सभी नगरीय निकाय व जनपद सीईओ को तालाब का सर्वेक्षण शत प्रतिशत करने के निर्देश दिए, जिससे सर्वेक्षण के माध्यम से जल संरक्षण के लिए तालाबों की आवश्यकता और स्थिति का आंकलन किया जा सके। मोर तरिया मोर अभिमान थीम के तहत तालाबों का सर्वे हो रहा है।
बैठक में अपर कलेक्टर जीआर मरकाम, संयुक्त कलेक्टर रामकुमार कृपाल समेत जिला स्तरीय अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


