धमतरी
भोजनशाला, छात्रावास, पाठशाला, पार्किंग की होगी सुविधा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 8 सितंबर। इतवारी बाजार स्थित प्राचीन किले के हनुमान मंदिर का अब जीर्णोद्धार होगा। इसके लिए वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 7 सितंबर को काम शुरू हुआ। करीब 3 करोड़ की लागत से यह प्राचीन मंदिर भव्य स्वरूप लेगा। यहां भोजनशाला, छात्रावास, पाठशाला, पार्किंग व अन्य सुविधाएं भी रहेंगी। भगवान की प्रतिमाएं यथावत रहेगी।
करीब 1100 साल पुराने इस मंदिर को भव्य रूप दिया जाएगा। बीते 22 फरवरी को इसका भूमिपूजन हुआ था। सात सितंबर को गणेश चतुर्थी के दिन सुबह मुहूर्त में निर्माण कार्य आरंभ किया गया। पं. दीपक त्रिपाठी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की।
मंदिर समिति के मुताबिक करीब 3 करोड़ की लागत से मंदिर का निर्माण होगा। साल भर में यह काम पूरा करने का लक्ष्य है। रायपुर के आर्किटेक्ट इसका निर्माण करेगी, जिसमें स्थानीय स्तर पर इंजीनियर दीपक राय इसकी देखरेख करेंगे। मंदिर के पीछे का भाग में काम पहले होगा। पहले पार्किंग सुविधा होंगी। उसके ऊपर भोजनशाला फिर छात्रावास और पाठशाला रहेगी। छात्रावास में पंडितों और विद्यार्थियों के लिए रहने की सुविधा भी होगी। बताया गया कि किले के हनुमान शहर के प्राचीन मंदिरों में से है। मान्यता है कि पहले धमतरी कांकेर राजा ध्रुवा की राजधानी हुआ करता था। बूढ़ेश्वर मंदिर के पास महल था, जिसके चारों ओर मंदिर थे। उस समय किला हुआ करता था।
किले में राम मंदिर, हनुमान मंदिर, भैरव मंदिर और किले के बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर आज भी मौजूद हैं।


