धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 11 अगस्त। बारिश से 6.995 टीएमसी क्षमता का सोंढूर बांध 5.411 टीएमसी भर गया है। सभी 5 गेट खोलकर 2652 क्यूसेक पानी छोड़ जा रहा, जो दुधावा बांध पहुंच रहा है।
मुरूमसिल्ली बांध जल्द भरने के करीब है। 5.839 टीएमसी क्षमता के इस बांध में 4.829 टीएमसी पानी है। बांध में अब भी 798 क्यूसेक पानी प्रति सेकंड की आवक है। सैलानियों को मुरूमसिल्ली बांध के गेट खुलने का बेसब्री से इंतजार है। एशिया का यह पहला सायफन सिस्टम बांध है, जिसका गेट बांध में पानी का दबाव बढऩे के बाद अपने आप खुलकर बाहर निकलता है। गंगरेल बांध से 3709 क्यूसेक पानी रुद्री बैराज के लिए छोड़ा जा रहा है। मुरूमसिल्ली और दुधावा बांध का गेट अब तक नहीं खुले हैं। चारों बांधों में करीब 80 फीसदी पानी भरने के बाद यहां की सुंदरता बढ़ गई है। दूर-दूर से सैलानी घूमने के लिए पहुंच रहे हैं।
बांध के कंट्रोल रूम के मुताबिक मुरूमसिल्ली बांध 10 अगस्त की स्थिति में 82 फीसदी तक भर गया है। दुधावा बांध का पानी गंगरेल बांध पहुंच रहा है। इधर, जिले में बारिश को थमे करीब हफ्तेभर हो चुके हैं। जिले में अब तक 704.9 मिमी बारिश हुई है।
गंगरेल से बहाया गया 4 टीएमसी पानी
छत्तीसगढ़ प्रदेश का दूसरा बड़ा गंगरेल बांध में 91.35 फीसदी पानी है। बारिश के सीजन में गंगरेल बांध से अब तक 4.235 टीएमसी पानी छोड़ा जा चुका है। यह पानी रुद्री बैराज में आकर संग्रहित हुआ, जहां से पानी महानदी में छोड़ा गया। शनिवार को रुद्री बैराज के सभी 23 गेट भी बंद कर दिया गया। पुराना साइड गेट से ही 1642 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।


