धमतरी
खाद्य अफसर ने लिए 2 सैंपल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 10 अगस्त। भाई-बहन के स्नेह का पर्व रक्षाबंधन आगामी 19 अगस्त यानि 8 दिन बाद मनाया जाएगा। इसके पहले खाद्य व औषधि प्रशासन विभाग द्वारा होटलों की जांच शुरू की है। नगरी क्षेत्र के होटल और किराना दुकानों की जांच की। सांकरा समेत क्षेत्र के होटलों में 8 अगस्त को छापा मारा। इस दौरान कपड़े, दीवार रंगने वाले रंग का उपयोग खाद्य समानों में किया जा रहा था। सांकरा की 4 दुकानों में गाय छाप अखाद्य रंग पाया गया, जिसे नष्ट किया।
विभाग की टीम ने नगरी की 11 दुकानों की जांच की। इनमें उत्तम किराना स्टोर नगरी से बेसन, वीरम स्टोर से सोन पापड़ी का नमूना उठाया। इसकी जांच की जाएगी। अमानक पाए जाने पर नोटिस जारी कर कार्रवाई व जुर्माना होगा। साथ ही साहू भोजनालय बस स्टैंड नगरी, साहू होटल, चरण होटल, बीकानेर होटल, जयराज होटल नगरी का निरीक्षण किया, जहां सफाई व्यवस्था को लेकर दुकान संचालकों को चेतावनी दी। साथ ही सांकरा के होटल एवं किराना दुकानों का निरीक्षण किया। चंद्रभान किराना सांकरा में अखाद्य रंग, पाला जी हालेट, श्री कृष्णा होटल में अखाद्य रंग पाया गया। सभी को नष्ट करके दोबारा उपयोग न करने की समझाइश दी।
धमतरी के खाद्य सुरक्षा अधिकारी फनेश्वर पिथौरा ने बताया कि नगरी ब्लॉक के सांकरा में लगभग सभी होटल में अमानक खाद्य रंग का उपयोग हो रहा है। यह रंग सस्ती दर पर आसानी से उपलब्ध हो जाता है। गाय छाप रंग के पैकेट में स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि यह खाद्य समानों में उपयोग नहीं करना है। इसके बावजूद होटल में धड़ल्ले से उपयोग हो रहा है। इस रंग के उपयोग से बनने वाले खाद्य समानों को खाने पर कैंसर हो सकता है। मौके पर मिले सभी रंगों को नष्ट कराया है। साथ ही सख्त हिदायत भी दी गई है, दोबारा मिलने पर कार्रवाई होगी। दुकानों से सैंपल लिया गया है।


