धमतरी

168 स्कूलों में पालक-शिक्षक बैठक
07-Aug-2024 2:28 PM
168 स्कूलों में पालक-शिक्षक बैठक

सकारात्मक विचारों को लेकर हम सामाजिक वातावरण का करेंगे निर्माण-कलेक्टर 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 7 अगस्त।
बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय एवं पालकों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से संकुल स्तर पर पालक-शिक्षक बैठक का आयोजन हुआ। जिसमें पालक-शिक्षक और विद्यार्थियों के अलावा जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे, जिसमें कलेक्टर नम्रता गांधी देमार, पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय आमदी, सीईओ जिला पंचायत रोमा श्रीवास्तव रूद्री में शामिल हुईं।

जिले के 168 स्कूलों में आयोजित पालक-शिक्षक मेगा बैठक में 26 हजार 317 पालक और 1422 शिक्षक शामिल हुए। धमतरी विकासखंड के देमार स्थित शासकीय उमावि देमार में आयोजित पालक-शिक्षक प्रथम मेगा बैठक में कलेक्टर नम्रता गांधी शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि हम सभी अपने बच्चों के लिए मेहनत करते हैं। इस व्यस्तता के चलते हम बच्चों से बात नहीं कर पाते। बच्चों के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य भी जरूरी है। अकेलापन बच्चों को नशे की ओर बढ़ाता है। बच्चों और आपके बीच की दूरी मिटाएं। बच्चों को पढ़ाई के लिए दबान न बनाएं। उनकी कला को पहचान कर आगे बढ़ाएं। हर बच्चा दिन में कम से कम एक घंटा जरूर खेलें।  उन्होंने बच्चों से कहा कि आपके पालक आपको सबसे अच्छा देना चाहते हैं। वे कभी नहीं चालते कि आपका नुकसान हो। इसलिए आप उनके शब्दों को नहीं भावनाओं को समझें। यह समय आपके जीवन का बहुत नाजुक समय है। आप जो लक्ष्य निर्धारित करते हैं, उसे पूरा करने की जिम्मेदारी आपकी है। समय कीमती है, ये कभी वापस नहीं आता। आप अपने पालकों से रोज बात करें। जीवन में जो भी लक्ष्य प्राप्त हो, उसे निभाएं। बच्चों को न्योता भोज कराया गया और सरस्वती सायकल योजना के तहत बालिकाओं को निशुल्क सायकल वितरित किया गया। साथ ही होनहार विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया।

बैठक का यह है उद्देश्य 
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य बच्चों की सम्पूर्ण गतिविधियों से पालकों को अवगत कराना है, जिससे बच्चों को सतत् प्रेरणा एवं उचित मार्गदर्शन मिल सके। इसके साथ ही शिक्षक एवं पालकों के संयुक्त प्रयास से बच्चों में पढ़ाई के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाना, बच्चों की काउंसिलिंग कर उन्हें परीक्षा के तनाव से मुक्त करना तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप ड्रॉप आउट रोकने के लिए पालकों की भूमिका सुनिश्चित करना इस बैठक का उद्देश्य है। 
 


अन्य पोस्ट