धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी,15 जुलाई। रथ की वापसी 19 जुलाई को दोपहर 2.30 बजे होगी। जनकपुरी में महाप्रभु का दर्शन करने श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। रोजाना भक्तों को गजामूंग का प्रसाद वितरण हो रहा है। महाप्रभु जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की रथयात्रा जनकपुरी गौशाला में 7 जुलाई को पहुंची।
विंध्यवासिनी मंदिर के पीछे श्री राष्ट्रीय गौशाला है, जहां महाप्रभ जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा देवी ननिहाल में विश्राम कर रहे हैं। महाप्रभु का दर्शन करने श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। भगवान का अलौकिक श्रृंगार के बाद महाआरती की जाती है।
श्री राष्ट्रीय गौशाला ट्रस्ट के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल व सदस्यों द्वारा रोजाना प्रसाद की सेवा की जा रही है। पुजारी पं. बालकृष्ण शर्मा द्वारा भगवान जगन्नाथ की कथा का वर्णन किया जा रहा है। प्रतिदिन सुबह 9 से 10 बजे और शाम को भजन कीर्तन जारी है। महाप्रभु की सेवा में समर्पित भक्तों द्वारा 19 जुलाई तक विभिन्न कार्यक्रम श्री राष्ट्रीय गौशाला में आयोजन किया जाना है।
श्री जगदीश मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष किरण गांधी ने बताया कि जगन्नाथ मंदिर से अपने मौसी के घर जनकपुर श्री राष्ट्रीय गौशाला पहुंचे भगवान की रथयात्रा वापस 19 जुलाई शुक्रवार को दोपहर 2 बजे राष्ट्रीय गौशाला से प्रारंभ होगी, जो सिहावा चौक होते श्री जगदीश मंदिर पहुंचेगी।


