धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 6 जुलाई। कुरुद तहसील की सिमांतर्गत नेशनल हाईवे के दोनों किनारे हुए अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाने का काम दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा। प्रभारी तहसीलदार ज्योति सिंह की अगुवाई में आधा दर्जन जेसीबी मशीन धड़ा धड़ बेजाकब्जा हटाने में जुटी रही। कोई अप्रिय घटना न हो, इसके लिए पुलिस बल तैनात किया गया था।
शनिवार को ग्राम पंचायत मरौद से डांडेसरा के बीच हाइवे के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया गया। जिसके तहत दर्जनों अवैध निर्माण में प्रशासन का बुलडोजर चला। इसके पूर्व शुक्रवार को रायपुर धमतरी मार्ग में भाटागांव और कुरूद के बीच का बेजा कब्जा सख्ती से हटाया गया।
ज्ञात हो कि नई बनी फोरलेन सडक़ के दोनों किनारे लोगों ने बेदर्दी से अतिक्रमण कर मकान - दुकान बना लिया था। जिसे ढहाने की कार्यवाही प्रभारी तहसीलदार ज्योति सिंह ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के नियमों के तहत पुलिस बल के साथ सुबह से ही शुरू कर दी थी।
इसमें कई खास और आम लोगों के 200 से ज्यादा अवैध कब्जा कर बनाये गए घर, दुकान, बाउंड्री वॉल आदि ढहाए गये। कुछ लोगों ने अपनी राजनीतिक धौंस दिखाकर कार्रवाई को रोकना चाहा, लेकिन उनकी एक नहीं चली। इस बारे में तहसीलदार ज्योति सिंह ने बताया कि संबंधित पक्ष को पूर्व में नोटिस जारी कर बेजा कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया था। अब कलेक्टर के आदेश पर एनएचएआई की मुआवजा देकर अधिग्रहित की गई भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई की जा रही है।


