धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 6 जून। नगर के खेल मैदानों नशेड़ी, शराबियों के बढ़ते कब्जे से परेशान खेलप्रेमियों ने थाने जाकर मदद की गुहार लगाई है।
उन्होंने पुलिस को बताया कि शाम होते ही मैदान नशेबाज लोगों का अड्डा बन जाता है। खा-पी कर वापस जाने से पहले वे कचरा और शराब की बोतल मैदान में छोड़ और तोड़ जाते हैं। जिसकी चपेट में आकर खिलाड़ी जख्मी हो रहे हैं।
गुरुवार सुबह खेल मैदान में रोज़ की तरह पहले मैदान की सफाई कर प्रैक्टिस करने के बाद कुरूद क्रिकेट क्लब के खिलाड़ी थाना जाकर टीआई अरुण साहू से मिले।
खेल संघ से जुड़े प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि असामाजिक तत्वों की वजह से मैदान में खेलने लायक स्थिति नहीं रही। नशे के शौकीन रोज़ मैदान में कब्जा जमाए रहते हैं। जिसके चलते मैदान में पानी पाउच, डिस्पोजल गिलास का कचरा और कांच के टुकड़े बिखरे रहते हैं। हम लोग हर बार सफाई करते हैं फिर खेल की प्रैक्टिस शुरू होती है। पिछले महीने चर्रा के एक खिलाड़ी का हाथ कांच से कटने के बाद घायल हो गया और उसकी प्रेक्टिस बंद है। कुरूद क्रिकेट अकादमी के खिलाडिय़ों ने अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम और लाल बहादुर शास्त्री खेल मेला मैदान और अन्य जगह पर शाम और रात में पेट्रोलिंग कर असमाजिक तत्वों पर नकेल कसने की मांग उठाई है। इस पर थानेदार ने कहा कि पूर्व में हमने कुछ लोगों को पकड़ा था लेकिन नेताओं का फोन आने से उन्हें छोडऩा पड़ा, कानून व्यवस्था बनाए रखने में हमें आम नागरिकों से भी सहयोग अपेक्षित है।
पूर्व नपं अध्यक्ष रविकांत चन्द्राकर, मूलचंद सिन्हा, जितेन्द्र चन्द्राकर, थानेश्वर, खेमराज,विकास, संजय चन्द्राकर आदि ने नगर पंचायत की लापरवाही को इसके लिए जिम्मेदार बताया है।