धमतरी
1 जून से ग्रीष्म कालीन क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 14 मई। आईपीएल में पंजाब की ओर से खेलते हुए भिलाई के शशांक ने अपने बल्ले का जौहर दिखा पूरे देश का ध्यान खींचा है। इसका असर अब प्रदेश के छोटे बड़े शहरों में भी पड़ा है, पालक पढ़ाई लिखाई के साथ साथ खेलकूद के लिए भी अपने बच्चों को प्रेरित कर रहे हैं। जिससे मोबाइल की दुनिया से बाहर निकल युवा अब मैदान का रुख करते दिख रहें हैं।
ज्ञात हो कि खेल मैदान से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले पूर्व मंत्री अजय चन्द्राकर की पहल पर कुरुद में खेल मैदान एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। पूर्व में यहां के कब्बड्डी, वालीबॉल, शतरंज, बैडमिंटन, मैराथन एवं क्रिकेट के कई अच्छे खिलाडिय़ों ने प्रदेश के बाहर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। लेकिन हर हाथ में इंटरनेट आ जाने के बाद मैदान सुने और उजाड़ होते चले गए। लेकिन क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने विधायक अजय चन्द्राकर हर साल क्रिकेट एवं कबड्डी की प्रतियोगिता करवाते रहें हैं, ताकि खिलाडिय़ों में खेल के प्रति इंटरेस्ट बना रहे।
पूर्व नपं अध्यक्ष रविकांत चन्द्राकर, एवी मारुति, स्व. विनोद गोस्वामी, कमलेश शर्मा आदि ने टीसीएस के माध्यम से बेट बल्ले से युवा वर्ग का रिश्ता जोड़े रखने में कोई कसर नहीं छोड़ी। अब वर्तमान नपं अध्यक्ष तपन चंद्राकर कुरूद क्रिकेट अकादमी का गठन कर मैदान को फिर से खिलाडिय़ों से आबाद करने की ठानी है। जिसके सकारात्मक प्रभाव नजर आने लगे हैं।
आईपीएल में क्रिकेट खिलाडिय़ों का जलवा देख माता पिता भी अब खेल कूद के महत्व को समझ अपने बच्चों को मैदान में भेजने लगे हैं। इस मामले में केसीए के संरक्षक तपन चंद्राकर ने बताया कि खेल मैदान में जल्द ही एक नया टर्फ विकेट बनेगा, खिलाडिय़ों को खेल प्रैक्टीस के लिए जरूरी समान उपलब्ध कराया जा रहा है। उनका हौसला अफजाई करने कई बार मैं स्वयं मैदान में जाकर उनके साथ मैच खेलता हूं। केसीए से जुड़े सीनियर खिलाडी संजय ध्रुव ने बताया कि 1जून से खेल मेला मैदान में कुरूद क्रिकेट अकादमी के तत्वाधान में ग्रीष्मकालीन डयूज बाल क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिसके लिए अभी रोज सुबह शाम प्रारम्भिक प्रशिक्षण स्थानीय सिनियर खिलाडिय़ों द्वारा दिया जा रहा है।
इसके बाद बीसीसीआई से अधिकृत कोच द्वारा यहां बच्चों और युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें आने वाले खर्च का वहन पालकों को करना है। इसके लिए सबने अपनी सहमति दे दी है। इस काम में लगे सूर्या चंद्राकार, सचिन अग्रवाल, अमित निषाद,उमेश, हेमंत साहू, चंद्रेश कुर्रे, चूरामन, विष्णु, ओमु, भुनेश्वर आदि ने बताया कि खेल में बच्चो का भविष्य उज्जवल है।
खासकर छत्तीसगढ़ का। वर्तमान में आईपीएल के शशांक सिंह का प्रदर्शन देख कुरूद के 6 बच्चे रायपुर में प्रशिक्षण ले रहे है। बाकी बच्चों को 1 जून से कुरुद में ही प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। फिलहाल खेल मेला मैदान में सुबह 6 से 9 बजे और शाम 4 से 6 बजे तक निशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है जिसमें नये खिलाड़ी बड़े उत्साह से भाग ले रहे हैं।


