धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 14 मई। आम पालकों के द्वारा शासकीय विद्यालयों की कार्य प्रणाली पर कई तरह के सवाल उठाए जाते हैं लेकिन समाज में इस बात की खोज कम रूप में की जाती है कि आखिर शासकीय विद्यालय का परिणाम बेहतर क्यों नहीं हो रहा है। यह समूचे समाज के लिए चिंतन का विषय है। स्वामी आत्मानन्द उत्कृष्ट विद्यालय सिंगपुर के शिक्षक तथा पालकों ने आपसी चर्चा कर इस बात की पड़ताल की है कि यदि पालक सक्रियता पूर्वक विद्यालय की हर गतिविधि में भागीदार बनेंगे तो हर विद्यालय का परिणाम बेहतर ही होगा। इसी बात को ध्यान में रखकर इस विद्यालय में संवाद संस्कृति की शुरुआत की गई है। अब पालक समझने लगे हैं कि विद्यालय की एक पक्षीय पहल से बेहतर परिणाम सम्भव नहीं है।
इसी बात को ध्यान में रखकर अंग्रेजी एवं गणित विषय के लिए समर क्लास की शुरुआत पालकों की सहमति से की गई है। विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए पालकों ने खुशी जाहिर की है।
यह कक्षा सुबह सात बजे से नौ बजे तक संचालित हो रही है। इस कक्षा में बच्चों को समूह में ज्यादा से ज्यादा सीखने का अवसर दिया जा रहा है साथ ही अगले दिन की तैयारी के लिए गृह कार्य भी दिया जा रहा है।
अंग्रेजी का अध्यापन करने वाले व्याख्याता कल्याण कौशल ने बताया कि इस समर क्लास में अंग्रेजी के प्रति भय ,झिझक को खत्म कर बोलचाल में अंग्रेजी को शामिल करने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए कक्षा में ही प्रैक्टिस की शुरुआत की गई है।समर क्लास के संचालन में जिन पालकों की सक्रिय भूमिका है उनमें मुख्यत: राधे लाल सिन्हा भूतपूर्व सरपंच, धनजंय साहू, सफीना बेगम,डॉ हेमंत साहू,अयूब खान, बलदेव साहू,नवीन बागड़े, जीवन साहू, गोकुल ध्रुव, टिकेश्वर ध्रुव एवम दीप्ती ग्वाल के नाम शामिल हैं। पालकों के इस सक्रिय सहयोग के लिए विद्यालय के प्राचार्य डॉ व्ही पी चन्द्रा एवम समस्त शिक्षकों ने आभार व्यक्त किया है।


