धमतरी

प्रतिष्ठा महोत्सव के आमंत्रण को ठुकराना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण - कविंद्र जैन
12-Jan-2024 3:20 PM
प्रतिष्ठा महोत्सव के आमंत्रण को ठुकराना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण - कविंद्र जैन

धमतरी, 12 जनवरी। कांग्रेस अध्यक्ष मालिकार्जुन खडग़े, सोनिया गाँधी सहित विपदलों के कुछ बड़े नेताओं द्वारा 22 जनवरी को अयोध्या में प्रभु राम के भव्य एवं दिव्य मन्दिर में रामलला की मूर्ति के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के पावन अवसर पर मिले आमंत्रण को ठुकराते हुए महोत्सव में शामिल न होने के निर्णय को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष ठाकुर शशि पवार ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि विपदल के नेताओं के इस फैसले से देश का हर रामभक्त दुखी है। स्वयं कांग्रेसियों ने अपने नेताओं के इस फैसले को धिक्कारा है। सदियों के संघर्ष के बाद ऐसा सुअवसर आया है जब प्रभु राम की जन्मभूमि में भव्य मन्दिर का सपना पुरा होने जा रहा है। जिला महामंत्री कविंद्र जैन ने विपदल के नेताओं के इस निर्णय को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से कांग्रेस सहित इंडी गठबंधन के घटक दलों का असली चेहरा सामने आया है। मौसमी हिंदू अवसर वादी नेता जो राजनीतिक फायदे के लिये कभी जनेऊ धारण करते नजर आते हैं कभी खुद को शिवभक्त कहते हैं उनके द्वारा प्राण प्रतिष्ठा समारोह में नहीं जाने का निर्णय लेना ये स्पष्ट करता है कि उनकी आस्था प्रभु राम में नहीं बल्कि केवल वोट की राजनीति ही उनका एकमात्र धर्म है। देश के 100 करोड़ से भी अधिक हिंदू समाज में इसे लेकर गहरा दुख और आक्रोश है ।

 


अन्य पोस्ट