धमतरी

मछली पालन में राष्ट्रीय अवार्ड विजेता मुश्ताक ने दुनिया को कहा अलविदा
16-Dec-2023 3:05 PM
मछली पालन में राष्ट्रीय अवार्ड विजेता मुश्ताक ने दुनिया को कहा अलविदा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
कुरुद, 16 दिसंबर।
धमतरी जिला के उन्नत मत्स्य कृषक मुश्ताक खान का शुक्रवार को 49 वर्ष के उम्र में निधन हो गया।  उनके गृह ग्राम बगौद में देर शाम निकली उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होकर मछली उत्पादन, विक्रय से जुड़े कई जिलों के सहयोगियों एवं सर्व समाज लोगों ने उन्हें अलविदा किया।

 ज्ञात हो कि धमतरी जिला एवं कुरुद तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत बगौद के एक तालाब से मत्स्य पालन का काम शुरू करने वाले मुश्ताक की भारतबाला एक्रा कल्चर कंपनी ने 2021-22  के वित्तीय वर्ष में 4 हजार टन मछली उत्पादन कर इस काम में 21 सौ लोगों का रोजगार सृजित किया था। उनकी इस उपलब्धि को स्वीकार करते हुए 

उत्कृष्ट व उल्लेखनीय मछली पालन उत्पादन एवं इससे रोजगार सृजन के लिए भारत सरकार की राष्ट्रीय मत्स्यिकी विकास बोर्ड ने श्री खान को बेस्ट प्रोपाइटरी फार्म अवार्ड से सम्मानित किया था। इसके पूर्व राज्य सरकार ने भी केज कल्चर, रंग बिरंगी मछली, चिताला, देशी मांगुर का श्रेष्ठ उत्पादन करने वाले मुश्ताक को राज्य स्तरीय उन्नत कृषक बिलासा बाई केंवटीन पुरस्कार से सम्मानित किया था। 

सामान्य मुस्लिम परिवार में पले बढ़े मुश्ताक ने पढ़ाई के बाद रायपुर की एक फिश सेंटर में नौकरी की। गांव वापस लौट कर रेग में खेत लेकर उसे तालाब बना मछली पालन की शुरुआत की।

पूर्व सरपंच एवं वर्तमान भाजपा मंडल अध्यक्ष कुलेश्वर चंद्राकर ने बताया कि दो दशक पहले शून्य से शिखर तक का सफर करने वाले मुश्ताक ने विपरीत परिस्थितियों का सामना कर अपने कारोबार को उंचाई तक पहुंचाया, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर के पुरस्कार जीत कर बगौद को गौरवान्वित करने वाले इस युवक ने क्षेत्र में रोजगार सृजन के अवसर उपलब्ध कराया है।  जीवन में सबकुछ हासिल कर लो प्रोफाइल में रहते हुए जिंदादिल मोटिवेटर के रूप में हम सब के बीच रहे मुश्ताक रियल हीरो थे। 

बताया गया कि तत्कालीन मंत्री एवं वर्तमान विधायक अजय चन्द्राकर ने भी अपने निर्वाचन क्षेत्र के इस कर्मयोगी की हर मुश्किल में एक मददगार की भूमिका निभाई है। उनके असमय निधन की खबर से उनके सभी चाहने वाले हतप्रभ रह गए।

 


अन्य पोस्ट