धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 7 दिसंबर। कांकेर सांसद मोहन मण्डावी ने लोकसभा में शीतकालीन सत्र के द्वितीय दिवस ही अविलम्बनीय लोक महत्व से जुड़े कांकेर शहर के मध्य से गुजरने वाली दूधनदी में बने अत्यंत ही जर्जर पुरानी पुल के पुनर्निर्माण की बात रखी।
कांकेर सांसद ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 बस्तर का लाइफ लाइन है रायपुर राजधानी से जगदलपुर को जोडऩे वाली राष्ट्रीय राजमार्ग में अवस्थित कांकेर शहर के मध्य दूधनदी पर बहुत पुराने समय में बनाई गई पुल अत्यंत ही जर्जर हो चुकी है। भारी वाहनों के आवागमन से कभी भी पुल में भयंकर दुर्घटना होने की सम्भावना बनी हुई है। यदि समय के पूर्व इस पुल का निर्माण कार्य नहीं किया जाता है तो न केवल आवागमन बाधित होगा बल्कि पूरी तरह से शहर का व्यापार ठप्प हो जाएगा।
सांसद मोहन मण्डावी ने यह भी सदन को अवगत कराया कि राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 में नंदनमारा का जर्जर पुल भी ऐसे ही लापरवाही के कारण बहुत बड़ी समस्या बनी हुई है, जहाँ आज भी आवागमन बाधित है। सांसद ने शहर के मध्य में दूधनदी पर बनी जर्जर पुल पर शीघ्र नयी पुल निर्माण की स्वीकृति करने की माँग रखी।


