धमतरी

पूर्व भाजपा विधायक की विधवा बहू ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप
28-Nov-2023 3:00 PM
पूर्व भाजपा विधायक की विधवा बहू ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 28 नवंबर।
पूर्व भाजपा विधायक सोमप्रकाश गिरी के पुत्र चन्द्रशेखर गिरी की संपत्ति विवाद के चलते भाईयों ने ही हत्या कर दी थी। चुनाव पूर्व हुए इस हत्याकांड को लेकर भाजपा ने तब कानून व्यवस्था को लेकर इसे मुद्दा बना सरकार को घेरने का काम किया था। लेकिन अब मृतक की विधवा पत्नी मदद के लिए दर दर भटक रही है, जिसकी परवाह किसी को नहीं है। इसी कड़ी में उन्होंने कुरुद प्रेस क्लब पहुंच कर अपनी आपबीती सुनाई।

सोमवार को अर्चना गिरी पति स्व.चन्द्रशेखर गिरी उम्र 41 वर्ष निवासी ग्राम मरौद ने प्रेस वार्ता में बताया कि 15 अक्टूबर 2023 को मेरे पति चन्द्रशेखर गोस्वामी को उनके भाईयों ने सम्पत्ति विवाद को लेकर बेरहमी से हत्या कर दी तथा मेरा भी पैर तोड़ दिया था। मेरे पति की हत्या के बाद इसकी पूर्व पत्नी एवं परिजन मुझसे कई बार विवाद कर मुझे घर से भगाने का प्रयास कर रहे हैं। इन्हीं लोगों के शह पर मेरे पति के शापिंग सेंटर के किरायेदार किराया नहीं दे रहें हैं, जिससे उनको गुजर बसर करने में परेशानी हो रही है। 

उन्होंने आगे बताया कि 19 नवंबर 2023 को अपने घर में थी, तभी रात्रि 11 बजे एक कार एवं मोटर सायकल में 5-6 लोग मरौद आए और मेरे घर में घुसने का प्रयास करने लगे, मैंने फोन कर कुछ पड़ोसियों से मदद मांगी आस-पड़ोस के लोगो ने उन्हें पकडऩे के लिए दौड़ाया लेकिन उक्त अज्ञात लोग वाहन में सवार होकर भाग गए। मैंने इस घटना की शिकायत कुरूद थाना में 20 नवंबर को की थी, लेकिन अब तक पुलिस प्रशासन द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गई है। पीडि़ता ने उक्त घटना की सूक्ष्मता से जांच कर अज्ञात आरोपियों एवं अन्य षडयंत्र करने वालों पर कठोर कार्यवाही कर न्याय की गुहार लगाई है। 

इस मामले में कुरुद थाना प्रभारी दीपा केवंट का कहना है कि शिकायत के आधार घर के छत से उन अज्ञात व्यक्तियों को देखने वाले मेहमान टोपेन्द्र वर्मा को बुलवाया था, लेकिन शिकायकर्ता ने उक्त लडक़े को थाने में पेश नहीं किया। अन्य शिकायत पर जांच उपरांत कारवाई की जाएगी।
 


अन्य पोस्ट