धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 24 नवंबर। विधानसभा चुनाव में मतदान के अगले ही दिन पीसीसी ने क्षेत्र के चार बड़े नेताओं को नोटिस जारी कर चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाते हुए स्पष्टीकरण मांगा था। पीसीसी महासचिव मलकीत सिंह गैंदू को भेजे गये जवाब की प्रतिलिपि सांझा करते हुए नपं अध्यक्ष तपन चंद्राकर ने अपनी बेगुनाही का मय गवाही के दस्तावेजी सबूत पेश कर खुद पर लगे आरोपों को साजिश का हिस्सा बताया है।
गौरतलब है कि 18 नवंबर को पीसीसी महासचिव मलकीत सिंह गैंदू ने कुरुद विधानसभा क्षेत्र के 4 कांग्रेसी नेता कुरूद नगर पंचायत अध्यक्ष तपन चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष शारदा साहू, छाया विधायक लक्ष्मीकांता साहू, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष भरत नाहर को नोटिस जारी कर अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाते हुए 24 घंटे में स्पष्टीकरण मांगा था। प्रदेश संगठन को भेजे गये जवाब के हवाले से नपं अध्यक्ष तपन चन्द्राकर ने बताया कि कुरुद विधानसभा चुनाव संचालन समिति द्वारा मुझे सिवनी कला सेक्टर के 11 बूथों का प्रभार दिया गया था। जहां मैंने पुरी ईमानदारी से कांग्रेसी नेता कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में काम किया। मेरे प्रभार वाले किसी भी गांव से यदि कोई भी कांग्रेसी मेरी निष्ठा एवं कार्यशैली पर सवाल खड़ा करते हैं तो मुझे संगठन का हर फैसला मंजूर होगा।
उन्होंने भेजे गए जवाब में ब्लॉक, जोन, सेक्टर, बूथ अध्यक्षों के हस्ताक्षर युक्त पत्र के साथ साथ नगर पंचायत उपाध्यक्ष, पार्षद, पार्टी पदाधिकारियों का कथन को भी शामिल कर अपनी बेगुनाही साबित करने का प्रयास किया है।


