धमतरी

अजय के लिए पत्नी प्रचार में जुटी, तारणी के लिए पति प्रचार कर रहे
10-Nov-2023 7:47 PM
अजय के लिए पत्नी प्रचार में जुटी, तारणी के लिए पति प्रचार कर रहे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 10 नवंबर। चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने परिजनों के साथ-साथ पार्टी नेता कार्यकर्ता पूरा जोर लगा रहे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी पति नीलम चन्द्राकर एवं भाजपा प्रत्याशी पत्नी प्रतिभा चन्द्राकर अपने जीवन संगी को विधायक बनवाने दिन रात एक कर रहे हैं।

ज्ञात हो कि कुरुद विधानसभा में इस बार कांग्रेस ने मिलनसार हंसमुख महिला तारणी चन्द्राकर पर दांव लगाया है। लेकिन भाजपा ने अपने जाने पहचाने चेहरे वतर्मान विधायक अजय चन्द्राकर पर ही भरोसा जताया है। चुनाव जीतने के लिए दोनों ही खेमे में जोरदार कवायद हो रही है। पार्टी मिशनरी के अलावा हर समर्थक अपने नेता को जिताने की कोशिश में जुटा है। इसके साथ साथ उम्मीदवारों को परिवार का भी भरपूर सपोट मिल रहा है।

भाजपा की टिकट पर छठवीं बार चुनाव लड़ रहे पूर्व मंत्री अजय चन्द्राकर की धर्म पत्नी प्रतिभा चन्द्राकर महिला मोर्चा की टीम को लेकर सुबह से प्रचार में निकल रही है।

ग्रामीणों के बीच जाकर वें महिला कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर उन्हें दो दशक में हुए विकास कार्यों का हवाला देकर इस बार भी पति पर आशीर्वाद बनाए रखने हाथ जोडकर निवेदन कर रही हैं। सीधी साधी हाउस वाइफ होने के चलते उन्हें लच्छेदार भाषण की कला नहीं मालूम, इस कमी को पूरा करने भाजपा जिला उपाध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर सहित मोर्चा से जुड़ी अन्य महिला नेत्रियां साथ होती है। इस तरह एक पत्नी अपने पति के उज्ज्वल राजनितिक भविष्य को संवारने में अपना संपूर्ण योगदान दे रहीं हैं।

इसी तरह कांग्रेस प्रत्याशी तारणी चंद्राकर के पति नीलम चन्द्राकर जो पिछला चुनाव निर्दलीय लडक़र 60 हजार से अधिक वोट हासिल कर भाजपा के लिए मुश्किलें खड़ी कर चुके हैं। इस बार मंडी अध्यक्ष नीलम अपनी पत्नी का चुनाव संचालन खुद कर रहे हैं। विगत दस सालों से क्षेत्र में उनकी सक्रियता, जिला पंचायत सभापति के तौर पर तारणी एवं मंडी फंड से उनके द्वारा कराए गए करोड़ों के विकास कार्यों का सीधा लाभ उन्हें मिल सकता है। त्रिस्तरीय पंचायत एवं निकायों में काबिज कांग्रेस एवं सत्तापक्ष होने का अतरिक्त लाभ उठा नीलम इस बार अपनी पत्नी की नैया पार लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। बहरहाल, चुनाव परिणाम आने के बाद ही इस बात का पता चलेगा कि मतदाताओं ने पत्नी को जीत का आशीर्वाद दिया है कि पति को।


अन्य पोस्ट