धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 23 अक्टूबर। रविवार की रात को कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव 2023 की तीसरी सूची जारी किया। जिसमें धमतरी से कृषि उपज मण्डी समिति धमतरी के अध्यक्ष ओंकार साहू को कांग्रेस से अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया है। कांग्रेस प्रत्याशी घोषित होते ही कांग्रेस में पूरा सन्नाटा छा गया है। कांग्रेस की केन्द्रीय चुनाव समिति ने सब को चौंकाते हुए एकदम से नए चेहरे पर भरोसा जताते हुए टिकट दिया है। जिसको लेकर अलग - अलग गुटों में बंटे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और उनके समर्थकों को तगड़ा झटका लगा है।
कांग्रेस में प्रबल दावेदार के रूप में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक धमतरी गुरूमुख सिंह होरा का टिकट फाइनल माना जा रहा था लेकिन अंतिम समय में उनका नाम कटने से उनके समर्थकों में नाराजग़ी और निराशा है।
ज्ञात हो कि गुरूमुख सिंह होरा, विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, उप मुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव एवं कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा के समर्थक माने जाते है। इस लिहाज से इनकी टिकट तय मानी जा रही थी लेकिन किन परिस्थितियों में इनका टिकट कटा है ये उनके समर्थकों और शुभचिंतकों के लिए सोचनीय है।
वहीं होरा के अलावा भी कांग्रेस से प्रमुख दावेदारों के रूप में शामिल युवा नेता आनंद पवार, दिव्यांगजन सलाहकार बोर्ड के अध्यक्ष मोहन लालवानी, जिला पंचायत धमतरी के उपाध्यक्ष नीशु चन्द्राकर और नगर निगम धमतरी के महापौर विजय देवांगन को भी पूरी उम्मीद थी कि इस बार टिकट उन्हें मिलेगी। ये चारों मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समर्थक माने जाते हैं। इस लिहाज ये सभी अपनी टिकट को लेकर आश्वस्त थे।
धमतरी विधानसभा में कांग्रेस ने चर्चित चेहरे को दरकिनार कर पहली बार ग्रामीण क्षेत्र से नए युवा चेहरे पर भरोसा जताया है। अब देखना होगा कि गुटों में बंटे कांग्रेसियों का समर्थन ओंकार साहू को मिल पाता है कि नहीं?
बात करें तो कांग्रेस प्रत्याशी ओंकार साहू जो कि नगर पंचायत आमदी के निवासी है और वर्तमान में कृषि उपज मण्डी समिति धमतरी के अध्यक्ष है।
ओंकार साहू प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के समर्थक माने जाते हैं।
भाजपा ने वर्तमान विधायक रंजना डीपेन्द्र साहू को प्रत्याशी बनाया है जिसको ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने भी साहू समाज से मौका देते हुए युवा ओंकार साहू को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
धमतरी विधानसभा में साहू समाज का अच्छा खासा वोट बैंक है, जिसमें सेंधमारी करने कांग्रेस ने प्लान तैयार किया है।


