धमतरी
संपत्ति विवाद में 2 भाइयों ने गुंडे बुलाकर की थी हत्या
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 16 अक्टूबर। बड़े भाई से मकान खाली करवाने किराये के गुंडे बुलवा मारपीट करवा अपने ही सगे भाई की जान लेने वाले दो भाइयों सहित दस आरोपियों को घटना के कुछ घंटे बाद ही गिरफ्तार कर पुलिस ने जनाक्रोश को शांत करने का प्रयास किया है। पकड़े गए लोगों से तीन वाहन, डकैती एवं सुपारी में दिये गये 90 हजार रुपए, 8 मोबाईल और एक डीवीआर जब्त किया गया है।
ज्ञात हो कि 15 अक्टूबर को कुरूद थानांतर्गत ग्राम मरौद में पूर्व विधायक स्व. सोमप्रकाश गिरी के पुत्र चंद्रशेखर गिरी और उनकी पत्नी पर उनके ही सगे भाई हेमगिरी एवं हेमेन्द्र गिरी ने संपत्ति विवाद के चलते कुछ बाहरी लोगों की मदद से कातिलाना हमला किया था। जिसमें अस्पताल ले जाते समय चंद्रशेखर की मौत हो गई। घटना की खबर लगते ही एएसपी मधुलिका सिंह धमतरी से कुरुद पहुंची और जांच अपने हाथों में ले मृतक के दोनों भाईयों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस टीम के साथ एक आरोपी को भेजकर उसके निशानदेही पर रायपुर के मोवा, पंडरी आदि इलाके से 8 लडक़ों को पकड़ा।
ज्ञात हो कि दिनदहाड़े घर घुसकर हुई इस हत्याकांड के विरोध में विधायक अजय चन्द्राकर ने सोशल मीडिया में एवं भाजपाइयों ने थाना के सामने विरोध प्रदर्शन कर कानून व्यवस्था को लेकर चिंता जताई थी। चुनावी माहौल में राजनीति गर्माते देख पुलिस ने तत्परता से 12 घंटे के भीतर ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
वहीं जांच अधिकारी के समक्ष अभी भी कुछ सवाल खड़े हैं, सोशल मीडिया में इस घटना से संबंधित एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद धमतरी रेफर किए जाने के लिए एम्बुलेंस में सवार घायल चंद्रशेखर गिरी को बातचीत करते नजर आए, ऐसे नाज़ुक हालात में मरीज को फौरन चिकित्सा उपचार दिलाने की जगह कुछ बाहरी लोगों को वीडियो बनाने एवं पूछताछ करने का मौका दिया गया, इसको देख लोग स्वास्थ्य एवं पुलिस अमले की संवेदनशीलता को लेकर प्रश्न उठा कह रहे हैं कि उपचार में देरी होने से घायल ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया, ऐसी जानलेवा लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ जांच की मांग उठाई गई है।
बहरहाल रविवार रात में पुलिस ने हेमगिरी, हेमेन्द्र गिरी मरौद, शेख नादिम, समीर बाग, रिखीराम ध्रुव, माजीर खान, सुनील वर्मा, जलधर बाग, नुहरूददीन, मनीष वर्मा रायपुर को गिरफ्तार कर मीडिया के सामने पेश किया।


