धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 1 अगस्त। कुरुद नपं अध्यक्ष ने हथेली पर भौंरा चलाकर छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक खेलों का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में लंबी दौड़, कबड्डी, गेड़ी दौड़, पिट्टूल, बिल्लस, खो-खो, भौंरा बांटी सहित सोलह खेल शामिल किए गए हैं।
सोमवार को इंडोर स्टेडियम में आयोजित जोन स्तरीय छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक अपने निर्धारित समय से दो घंटे विलम्ब से शुरू हुआ। जिसकी वजह समय पर मैदान तैयार नहीं होना है। इस लेटलतीफी के लिए राजिव मितान क्लब एवं जनप्रतिनिधियों की नाराजग़ी के बाद सीएमओ दीपक खांडे ने स्वयं खड़े रहकर कुछ घंटे में मैदान को खेलने लायक तैयार करवाया। तब नपं अध्यक्ष तपन चंद्राकर, उपाध्यक्ष मंजू प्रमोद साहू, जिला पंचायत सभापति तारिणी चन्द्राकर एवं पार्षदों की मौजूदगी में छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक खेलों का शुभारंभ किया गया।
नपं अध्यक्ष श्री चन्द्राकर ने अपनी हथेली पर भौंरा चला कर अपनी प्रतिभा दिखाते हुए बताया कि प्रदेश सरकार छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, लोक परंपरा, खेलकूद के माध्यम से पारंपरिक खेलों से बच्चे, युवा एवं बड़े लोगों को भी जोड़ा जा रहा है।
जिला पंचायत सभापति तारिणी नीलम चन्द्राकर ने सभी प्रतिभागी खिलाडिय़ों को खेल भावना के साथ खेलने की सलाह देते हुए सफलता का आशीर्वाद दिया। उपाध्यक्ष मंजू प्रमोद साहू ने बताया कि पहले सभी वार्डो में क्लस्टर स्तर की खेल प्रतियोगिता करवाई गई, जिसमें से विजेता खिलाडिय़ों को आज बड़े मंच पर खेलने का मौका मिला है। इसके बाद क्रमश: विभिन्न खेलों के प्रतिभागी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करते रहे। खेल शिक्षक शेषनारायण देवांगन, सत्यप्रकाश मालवर, योगेंद्र साहू ने अपनी देखरेख में खेल स्पर्धा कराई।
इस अवसर पर मंडी उपाध्यक्ष प्रमोद साहू, सभापति चुम्मन दीवान, रोशन जांगड़े, राघवेन्द्र सोनी, गजेन्द्र साहू, रोशन चन्द्राकर, रामचंद्र साहू, टुकेश साहू, उमेश कंडरा, नबी ख़ान, परमानंद यादव, मितान क्लब के उमेश,अजय साहू, सूर्या चंद्राकर, योगेश साहू, सुर्या, नवीन चन्द्राकर, विजय यादव,वासु सिन्हा आदि उपस्थित थे।


