धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 11 जुलाई। क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार धड़ल्ले से जारी है। गोली गांजा और दारु जैसे नशे की चपेट में आकर छोटे बच्चे एवं नौजवान अपराध के रास्ते में बढ़ अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं। लेकिन इस ख़तरनाक धंधे पर रोक लगाने के जिम्मेदार अधिकारियों का रवैया नकरात्मक देख नगर के जागरूक युवाओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंप एक सप्ताह का समय दिया है। कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में पुतला दहन जैसे आंदोलन की चेतावनी दी है।
सोमवार को कुरूद एसडीएम, पुलिस थाना, एसडीओपी कार्यालय में ज्ञापन सौंप दिवाकर चंद्राकर, शिखर चंद्राकर, बादल चंद्राकर, केशव चंद्राकर, विक्रम चंद्राकर, जागेश्वर नेताम, दीपराज चंद्राकर, खिरीराज साहू, ने बताया कि नगर सहित पूरे विधानसभा क्षेत्र में नशीली दवाइयां, अवैध शराब, और गांजा के बढ़ते अवैध कारोबार ने युवा समेत सभी वर्गों को अपने गिरफ्त में ले लिया है। जिससे क्षेत्र में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। नगर के चौक चौराहों से लेकर गांव की गलियों तक सहज सुलभ नशे का सामान खुलेआम बिक रहीं हैं। पुलिस की मिलीभगत के बिना ऐसा हो पाना संभव नहीं है। इन नशीली दवा, अवैध शराब और गांजा के लत में पडक़र युवा पीढ़ी बर्बादी के कगार तक पहुंच गई है। नगर के जागरूक युवाओं ने प्रशासन को ज्ञापन देकर सात दिनों का अल्टिमेटम दिया है।
इस बीच इस गोरखधंधे में नकेल नहीं कसी गई तो आठवें दिन कुरूद के आम नागरिकों द्वारा जिम्मेदार अधिकारियों का पुतला दहन किया जावेगा। इस मौके पर विक्रम साहू, भूपेंद्र देवांगन, मुकेश नागवानी, अनुशासन आमदे, नीशू चंद्राकर, कमलेश चंद्राकर, सोनू द्विवेदी, वासु यादव, शुभम बैस, मुस्कान चंद्राकार, भूपेश बैस, साहिल देवांगन, चंदन कोसरिया, रूपेश सिन्हा, फनेंद्र यादव, कुंदन साहू, करन दुबे, किशन बैस, हिमांशु बैस, रजत बैस, हेमंत दुबे, जतिन सेन, मयंक वैष्णव आदि उपस्थित थे।


