धमतरी

पंचायत उपचुनाव: भाजपा-कांग्रेस और आप बराबरी पर
28-Jun-2023 3:50 PM
पंचायत उपचुनाव: भाजपा-कांग्रेस और आप बराबरी पर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 28 जून।  समीपस्थ ग्राम पंचायत चर्रा, चरमुडिया एवं नवागांव में हुए आम चुनाव में मतदाताओं ने सोच समझ कर योग्य कैंडिडेट को अपना प्रतिनिधि चुना है। जिसके चलते भाजपा कांग्रेस एवं आप पार्टी समर्थित प्रत्याशियों ने एक-एक गांव की सरपंची पाई है। इन चुनावों में कांग्रेस ने खूब तामझाम किया, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं मिला। भाजपा की एक सीट आप की झोली में चली गई, उसे भी मात्र एक सीट पर ही संतोष करना पड़ा।

   कुरुद जनपद अंतर्गत तीन ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच का चुनाव करने  27 जून को वोट डाले गए। मतगणना के बाद देर शाम मिले नतिजों के अनुसार ग्राम पंचायत चर्रा में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी कमलेश्वरी ध्रुव को 1215 भाजपा की भगवती ध्रुव को 1020 एवं  चन्द्रिका बाई को 60 वोट मिले।

कांग्रेस ने यहां की चुनावी कमान अपने सबसे काबिल नेता मंडी अध्यक्ष नीलम चन्द्राकर को सौंपी थी। राजनितिक तौर पर काफी अहम मानी जा रही इस सीट पर 195 वोट से जीत कर कांग्रेस ने अपना कब्जा बरकरार रखा है। प्रत्याशी चयन में चूक करने वाली भाजपा को भले ही सरपंच पद पर मात खानी पड़ी, लेकिन उनके पैनल के अधिकांश पंच जीतकर आए हैं।

 ग्राम पंचायत नवागांव-उ में एक ही परिवार के दो लोगों के बीच सरपंची पाने का मुकाबला था। भाजपा ने अपना जाना-पहचाना-खरा वर्तमान सरपंच टिकेश साहू पर ही भरोसा जताया था। कांग्रेस ने यहां जनपद अध्यक्ष शारदा साहू को प्रभारी बना सरपंच पद के लिए रमेश साहू को मैदान में उतारा था। लेकिन भाजपा की सटीक रणनिती के आगे कांग्रेसी नेताओं की हवा-हवाई तैयारी काम ना आई, यहां भाजपा समर्थित प्रत्याशी टिकेश ने 210 वोटों के बड़े अंतर से सरपंची जीत कर हैट्रिक लगाई, साथ ही अपने पैनल के 10 में से 8 पंचों को भी जीतवा दिया। कांग्रेस के सहारे यहां चुनाव लड़ रहे सरपंच सहित 8 पंचों को हार का मुंह देखना पड़ा।

इसी तरह कुरुद के औद्योगिक क्षेत्र के पार बसे ग्राम पंचायत चरमुडिय़ा में पंजा की छाप पुख्ता करने के इरादे से कांग्रेस ने नपं अध्यक्ष तपन चंद्राकर को चुनाव प्रभारी बनाया था। उन्होंने सही प्रत्याशी एवं तामझाम के सहारे जीत का माहौल तो तैयार कर लिया, लेकिन विपक्षी पार्टी की रणनीति जिसमें उसने खुद को पीछे रख जीत सकने वाली उम्मीदवार को समर्थन दे दिया। इसका तोड़ नहीं निकल पाये, जिसके चलते कांग्रेस को चरमुडिय़ा में जीती बाजी हारनी पड़ गई।

 सरपंच पद पर कांग्रेस समर्थित सुरेखा गुरुदेव महिपाल को 529 वोट मिले, भाजपा की उर्वशी जितेन्द्र बांधेकर ने 312 मत हासिल किया। आम आदमी पार्टी नेता तेजेन्द्र तोडेकर की पत्नी नीतू तोडेकर को 679 वोट मिले इस तरह नीतू ने 150 वोटों से जीत दर्ज की।

 उक्त सभी आंकड़े मतगणना स्थल से जुटाए गए हैं, प्रशासन की ओर से अधिकृत परिणामों की घोषणा 30 जून को होगी।


अन्य पोस्ट