धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 22 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन विभाग द्वारा लगाए गए पौधे रख रखाव के अभाव में अभी से सूख कर ठूंठ हो गये हैं। पौधे रोपते फोटो खिंचने खिंचवाने की रस्म अदायगी के बाद किसी ने भी दुबारा इधर पलट कर नहीं देखा।
ज्ञात हो कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन विभाग ने इस बार आत्मानंद स्कूल कुरुद में हरियाली लाने के उद्देश्य से आंवला,आम, बेर, अमरूद, बेल आदि प्रजाति के पौधे लगाने नपं अध्यक्ष तपन चंद्राकर, सभापति मनीष साहू,पार्षद उत्तम साहू आदि को आमंत्रित किया था। बैनर पोस्टर और फोटो सेशन के जरिए प्रचार प्रसार कर फ़ाइल में हरियाली सजा दी गई। लेकिन कुछ दिनों बाद ही रोपे गए पौधे सूख कर मुरझाने लगे। अब तो वहां कुछ पौधों के ठूंठ ही नजऱ आ रहे हैं।
इस बारे में पूछे जाने पर सहायक वन परिक्षेत्राधिकारी श्री मधुकर ने बताया कि उच्चाधिकारी के निर्देश पर हमने वहां पौधे लगाए थे, लेकिन रखरखाव की जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन को करनी थी।
इस मामले में कुछ पर्यावरण प्रेमियों का कहना है कि वन विभाग हर बरस करोड़ों रुपए खर्च कर पौधे लगाने का काम करता है, परन्तु संरक्षण एवं देखरेख के अभाव में पौधे कुछ समय में नष्ट हो जाते हैं, इसमें संबंधित विभाग की जिम्मेदारी तय कर के ही पर्यावरण को संरक्षित किया जा सकता है।


