धमतरी

सीतानदी उदंती अभ्यारण के जंगल में इंद्रधनुषी गिलहरी का शिकार, 2 नाबालिग समेत 7 गिरफ्तार
19-Jun-2023 4:03 PM
सीतानदी उदंती अभ्यारण के जंगल में इंद्रधनुषी  गिलहरी का शिकार, 2 नाबालिग समेत 7 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नगरी, 19 जून।  सीतानदी-उदंती अभ्यारण के जंगल में शिकार का मामला सामने आया है। गुलेल मारकर दुर्लभ इंद्रधनुषी गिलहरी का शिकार करने के आरोप में वन विभाग की टीम ने दो नाबालिग समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी स्थानीय हंै। मांस खाने के लिए इंद्रधनुषी गिलहरी का शिकार कर रहे थे।

उदंती सीतानदी टायगर रिजर्व के उपनिदेशक वरुण जैन के निर्देशानुसार वन परिक्षेत्र सीतानदी के परिक्षेत्र अधिकारी एवं कर्मचारी द्वारा 15 जून को वन गश्त के दौरान ग्राम आमगांव (वन) के पास 07 लडक़े एक साथ संदिग्ध परिस्थिति में खड़े हुए पाए गए थे। स्थिति संदेहास्पद पाए जाने पर तलाशी ली गई।

पकड़े गए शिकारियों की तलाशी ली गई, तो उनके थैले से गुलेल, गुल्ला, पानी बाटल, टार्च, टीन (गंजी), ढक्कन सहित माचिस और गिलहरी का कच्चा मांस जब्त हुआ।

पूछताछ में आरोपियों ने वन विभाग को बताया कि वे आठ से अधिक बड़ी गिलहरी का गुलेल से मारकर शिकार कर चुके हैं। शिकार के बाद गिलहरी का मांस खाने के लिए आपस में बांट लिया था।

 तलाशी के दौरान सभी के पास वन्यजीव बड़ी गिलहरी के मांस पाया गया, यह जी अनुसूची-1 की संरक्षित जीव होने के कारण तत्काल गिरफ्तार कर शिकार किए गए स्थान का आरोपियों के निशानदेही पर मौका मुआयना किया। शिकार स्थल रिसगांव रेंज के अंतर्गत उत्तर एकावारी बीट के आरक्षित वन कक्ष क्रमांक-283 में होने के कारण प्रकरण रिसगांव द्वारा दन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा 9. 27, 29, 30, 31, 39(ब), 50, 51 एवं 52 के तहत् वन अपराध प्रकरण क्रमांक-114/18 दिनांक 16 जून को पंजीबद्ध कर प्रकरण के आरोपी नोमेश कुमार मरकाम(20), अरविंद कुमार गोड (22), कांशीराम (20), सुरेन्द्र कुमार (23), केशराम गोड़ (20) जिसमें दो नाबालिग भी शामिल है। सभी ग्राम विरनासिल्ली, थाना बोराई, तहसील नगरी निवासी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई कर न्यायालय के आदेश से जेल भेजा गया। वहीं दो नाबालिगों को बालक कल्याण समिति के समक्ष पेश किया जाएगा।


अन्य पोस्ट